25 से 31 दिसंबर तक विंटर कार्निवाल, रोजाना 12 हजार वाहनों के पहुंचने का अनुमान; आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने कसी कमर।
शिमला, 25 नवंबर। बर्फबारी और विंटर कार्निवाल के मद्देनजर जिला प्रशासन ने शिमला शहर को पांच सेक्टर में बांटकर आपदा प्रबंधन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रत्येक सेक्टर में एक नोडल अधिकारी तैनात किया जाएगा, जो बर्फबारी के दौरान सड़क, बिजली, पानी और अन्य आवश्यक सुविधाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय करेगा। उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सभी विभागों को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए बहुआयामी तैयारियां करने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन के अनुसार 25 से 31 दिसंबर तक शिमला में विंटर कार्निवाल आयोजित किया जाएगा। इस दौरान प्रतिदिन लगभग 12 हजार वाहनों के शहर पहुंचने का अनुमान है। ऐसे में पर्यटकों और स्थानीय लोगों को असुविधा न हो, इसके लिए पुलिस सहित सभी विभागों को सतर्क रहने को कहा गया है। शहर के सीसीटीवी कैमरों की जांच करने और जरूरत के अनुसार नए कैमरे लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
प्रशासन ने शहर को पांच सेक्टर में विभाजित किया है। सेक्टर-1 में संजौली, छोटा शिमला, ढली, कुफरी, नालदेहरा और मशोबरा क्षेत्र शामिल हैं। सेक्टर-2 में आईजीएमसी, लक्कड़ बाजार, कैथू, भराड़ी, चौड़ा मैदान और हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय सहित आसपास के क्षेत्र रखे गए हैं। सेक्टर-3 में शोघी, चक्कर, बालूगंज, टूटू, जतोग, नाभा, फागली और विकासनगर शामिल हैं। सेक्टर-4 में डीसी कार्यालय, रिज, जाखू, यूएस क्लब, होली लॉज, कमला नेहरू अस्पताल और उच्च न्यायालय का क्षेत्र शामिल है। वहीं सेक्टर-5 में सचिवालय, ब्रॉकहॉस्ट, मेहली, कसुम्पटी, पंथाघाटी और नवबहार को रखा गया है।
उपायुक्त ने सभी एसडीएम को अपने क्षेत्रों में बैठक कर आकस्मिक योजनाएं तैयार करने तथा आर्मी, आईटीबीपी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और आपदा मित्रों के साथ समन्वय बनाने के निर्देश दिए। राशन, गैस सिलेंडर और डीजल का पर्याप्त भंडारण समय रहते सुनिश्चित करने को भी कहा गया है। इसके अलावा सभी सरकारी कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों का सेफ्टी ऑडिट करवाने तथा आगजनी की घटनाओं को रोकने के लिए जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया।
बर्फबारी के दौरान अस्पतालों तक पहुंचने वाले मार्ग प्राथमिकता से खोले जाएंगे। एंबुलेंस के टायरों पर चेन लगाने और स्वास्थ्य संस्थानों में पर्याप्त दवाइयां रखने के निर्देश दिए गए हैं। बिजली और पेयजल आपूर्ति जल्द बहाल करने के लिए संबंधित विभागों को तैयार रहने को कहा गया है। किसी भी आपदा की सूचना टोल फ्री नंबर 1077 पर दी जा सकती है। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र 24 घंटे कार्यरत रहेगा।
