CBSE स्कूलों में अब ड्रेस कोड, मुख्यमंत्री सुक्खू ने शिक्षा विभाग को विशिष्ट रंग योजना निर्धारित करने के दिए निर्देश।
शिमला, 7 सितंबर। हिमाचल प्रदेश में राज्य सरकार द्वारा संचालित सीबीएसई स्कूलों को एक अलग पहचान देने की तैयारी शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शिक्षा विभाग को इन स्कूलों के शिक्षकों के लिए ड्रेस कोड, विद्यार्थियों के लिए यूनिफॉर्म और स्कूल भवनों के लिए विशिष्ट रंग योजना निर्धारित करने के निर्देश दिए हैं। शिक्षकों का ड्रेस कोड आगामी 1 अक्तूबर से लागू किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने सोमवार को शिक्षा विभाग की बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों के साथ राज्य सरकार द्वारा संचालित सीबीएसई स्कूलों के लोगो को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि इन स्कूलों में अनुशासन और समय की पाबंदी को सुनिश्चित करने के लिए विद्यार्थियों और स्टाफ की दिन में तीन बार उपस्थिति दर्ज की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए सीबीएसई स्कूलों के माध्यम से लगातार प्रयास कर रही है। सरकारी सीबीएसई स्कूलों में विद्यार्थियों को सुलभ दरों पर शिक्षा उपलब्ध करवाई जाएगी, जबकि निजी सीबीएसई स्कूलों की फीस अपेक्षाकृत अधिक है। ऐसे में सरकारी स्कूल ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के विद्यार्थियों के लिए बेहतर विकल्प उपलब्ध करवाएंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इन स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति पहले ही कर चुकी है। भविष्य में किसी भी कारण से शिक्षकों के पद रिक्त होने पर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर भरा जाएगा, ताकि स्टाफ की कमी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को शिक्षकों की उपलब्धता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में महाधिवक्ता अनूप रतन, सचिव शिक्षा राकेश कंवर, स्कूल शिक्षा निदेशक आशीष कोहली सहित शिक्षा विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
