पूर्व अर्द्धसैनिकों ने केंद्र सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा, 12 से 18 नवंबर तक दिल्ली में करेंगे भूख हड़ताल।

पुरानी पेंशन बहाली, समयबद्ध पदोन्नति और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की उठाई मांग; सरकार पर भेदभाव का आरोप
पूर्व अर्द्धसैनिकों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया है। अलाईंस ऑफ ऑल एक्स पैरा मिलिट्री फोर्सेस एसोसिएशन ने 12 से 18 नवंबर तक नई दिल्ली में सांकेतिक भूख हड़ताल करने की घोषणा की है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने सोमवार को पत्रकार वार्ता के दौरान केंद्र सरकार पर पूर्व अर्द्धसैनिकों के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया और पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) बहाल करने, समयबद्ध पदोन्नति सुनिश्चित करने तथा बेहतर पुनर्वास और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग उठाई।

एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा से लेकर दंगों और विभिन्न आंदोलनों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक अर्द्धसैनिक बलों के जवान महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके बावजूद सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब जनप्रतिनिधियों को पेंशन मिल सकती है, तो देश की सुरक्षा में योगदान देने वाले जवानों को पुरानी पेंशन से वंचित क्यों रखा जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें न तो एनपीएस चाहिए और न ही यूपीएस, बल्कि केवल पुरानी पेंशन योजना की बहाली चाहिए। एसोसिएशन ने अग्निवीर योजना पर भी आपत्ति जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *