घुसपैठियों के समर्थन में एसआईआर का विरोध कर रही कांग्रेस और इंडी गठबंधन : जयराम ठाकुर।

शिमला, 29 अक्टूबर। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे घुसपैठियों के समर्थन में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शुद्ध मतदाता सूची हर देशवासी का अधिकार है और संवैधानिक प्रक्रिया के तहत इसका शुद्धिकरण होना चाहिए। कांग्रेस को इसमें भी परेशानी हो रही है, जिससे उसकी मंशा पर सवाल खड़े होते हैं।

शिमला से जारी बयान में जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश में अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास पर धावा बोलकर नहीं, बल्कि चुनाव जीतकर ही प्रधानमंत्री बना जा सकता है। उनके अनुसार, कांग्रेस अपने नेता राहुल गांधी को बार-बार आगे बढ़ाने के प्रयास में देश की शांति और सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के कुछ लोग भारत में सत्ता परिवर्तन के लिए अराजकता का रास्ता अपनाने और देश की स्थिति बांग्लादेश, नेपाल तथा श्रीलंका जैसी बनाने की बातें कर रहे हैं।

जयराम ठाकुर ने कहा कि भारत एक प्राचीन सभ्यता वाला देश है और यहां के लोग किसी के बहकावे में नहीं आएंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए कहा कि देश की जनता अराजकता और सार्वजनिक संपत्ति के नुकसान को बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कांग्रेस पर झूठ, अफवाहों और अस्थिरता के जरिए सत्ता में बने रहने की कोशिश करने का आरोप भी लगाया।

कैंसर की दवाएं सस्ती होने पर जताया आभार
जयराम ठाकुर ने कैंसर रोधी 397 दवाओं की कीमतों में 93 प्रतिशत तक कमी किए जाने को मरीजों और उनके परिवारों के लिए राहत देने वाला कदम बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार जताते हुए कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का उपचार परिवारों पर भारी आर्थिक बोझ डालता है। दवाओं की कीमतों में कमी से मरीजों को इलाज में राहत मिलने के साथ बीमारी से लड़ने का हौसला भी मिलेगा।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने वर्ष 2024 के बजट में तीन प्रमुख कैंसर रोधी दवाओं और वर्ष 2025-26 के बजट में 36 जीवनरक्षक दवाओं पर सीमा शुल्क पूरी तरह समाप्त करने के कदम उठाए। इसके अलावा, हिमाचल प्रदेश सहित देशभर में तृतीयक स्तर की कैंसर उपचार सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। जिला अस्पतालों में अगले तीन वर्षों के दौरान 200 डे-केयर कैंसर केंद्र स्थापित करने की घोषणा भी की गई है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों के माध्यम से सस्ती दवाएं और आयुष्मान भारत योजना के जरिए उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने जैसे प्रयासों से स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने में मदद मिली है। उन्होंने कहा कि सस्ती दवाओं, बेहतर उपचार सुविधाओं और मरीजों पर आर्थिक बोझ कम करने के प्रयास केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी सोच को दर्शाते हैं।
#ShimlaLive #HimachalNews #JairamThakur #BJP #SIR #CancerTreatment #NarendraModi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *