नई दिल्ली, 27 सितंबर। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) के साथ रविवार रात हुई बैठक के बाद प्रस्तावित आंदोलन और बैंक हड़ताल को फिलहाल स्थगित करने का फैसला किया है। ऐसे में कल बैंकों के बंद रहने की प्रस्तावित कार्रवाई नहीं होगी।

UFBU की ओर से जारी सर्कुलर के अनुसार, बैठक में विभिन्न लंबित मुद्दों पर चर्चा हुई और कुछ महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सहमति बनी। बैंकों में बचे हुए शनिवारों को अवकाश घोषित करने के मुद्दे पर IBA और UFBU की एक उच्चस्तरीय समिति तत्काल गठित करने का निर्णय लिया गया। समिति सभी संभावित विकल्पों पर विचार करेगी और ग्राहकों समेत सभी हितधारकों के हितों को ध्यान में रखते हुए समाधान तलाशेगी।
इसके अलावा स्केल-IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए Performance Linked Incentive (PLI) योजना को लेकर यूनियनों और एसोसिएशनों की आपत्तियों पर IBA के साथ चर्चा शुरू करने पर सहमति बनी है। आवश्यकता पड़ने पर योजना में संशोधन का प्रस्ताव सरकार के समक्ष रखा जाएगा।

UFBU और IBA के बीच 8 मार्च 2024 को दर्ज बैठक के मिनट्स में सूचीबद्ध अन्य लंबित मुद्दों पर भी जल्द समाधान के लिए बातचीत जारी रखने का निर्णय लिया गया है।

इन सहमतियों के मद्देनजर UFBU ने अपने प्रस्तावित आंदोलन कार्यक्रम और हड़ताल की कार्रवाई को फिलहाल स्थगित (defer) कर दिया है। यूनियनों के अनुसार, इस संबंध में विस्तृत सर्कुलर बाद में जारी किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *