पंचायत चुनाव परिणाम से सहमे सीएम सुक्खू, खुद के लिए सुरक्षित सीट खोज रहे : जयराम ठाकुर।

पांवटा साहिब/सिरमौर, 28 सितंबर। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने पांवटा साहिब में आयोजित नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पंचायती राज और स्थानीय निकाय चुनावों के परिणामों ने कांग्रेस सरकार को परेशान कर दिया है। जयराम ठाकुर ने दावा किया कि प्रदेश की 11 जिला परिषदों में से 10 में भाजपा समर्थित अध्यक्ष-उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं।

जयराम ठाकुर ने कहा कि पांवटा साहिब में 95 प्रतिशत से अधिक भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की जीत हुई है। उन्होंने इसके लिए क्षेत्र की जनता और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुक्खू अपने ही घर में चुनावी प्रदर्शन से चिंतित हैं और अब विधानसभा चुनाव के लिए अपने लिए सुरक्षित सीट तलाश रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के अलग-अलग धड़े हार की जिम्मेदारी एक-दूसरे पर डालने के लिए दिल्ली के चक्कर लगा रहे हैं। जयराम ठाकुर के अनुसार, एक धड़ा दिल्ली से लौटता है तो दूसरा दिल्ली चला जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भी हार के लिए मंत्रियों को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।

नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री के ‘मित्र मंडल’ पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार में कैबिनेट मंत्रियों से ज्यादा प्रभावशाली कैबिनेट मित्र हैं और मित्र मंडल मंत्रिमंडल पर हावी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अपने गुट को मजबूत करने के लिए कई विधायकों को मंत्री बनाने का आश्वासन दे रहे हैं। उनके अनुसार सरकार में जनहित की जगह ‘मित्र हित’ प्राथमिकता बन गया है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में पांवटा साहिब सहित प्रदेश में कई संस्थान खोले गए थे, जबकि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आने के बाद ढाई हजार से अधिक संस्थानों को बंद किया। उन्होंने दावा किया कि इनमें स्कूल, अस्पताल और डिस्पेंसरी सहित अन्य संस्थान शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने वृद्धावस्था पेंशन की आयु और आय सीमा में राहत देने सहित कई योजनाएं शुरू की थीं, जबकि कांग्रेस सरकार सुविधाएं बंद करने में लगी है। उन्होंने हिम सहारा, गृहिणी और शगुन जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया।
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि सरकार पंचायत चुनाव करवाने से बचती रही और भाजपा ने चुनाव करवाने के लिए न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। कार्यक्रम में सांसद सुरेश कश्यप, विधायक सुखराम चौधरी, पच्छाद विधायक रीना कश्यप, जिला भाजपा अध्यक्ष धीरज गुप्ता और पूर्व विधायक बलदेव तोमर समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

#Sirmaur #PaontaSahib #JairamThakur #HimachalPradesh #BJP #PanchayatElection #HimachalNews #PoliticalNews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *