स्वास्थ्य उपकेंद्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्तरोन्नत करने की घोषणा, ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री ने किया रात्रि प्रवास।

शिमला, 15 अक्टूबर। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने स्पीति घाटी के रंगरिक में बालिका छात्रावास के नए भवन के निर्माण के लिए दो करोड़ रुपये देने की घोषणा की है। उन्होंने रंगरिक स्थित स्वास्थ्य उपकेंद्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्तरोन्नत करने का भी ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार के ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत रंगरिक में रात्रि प्रवास किया और मंजुश्री में लोगों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के दुर्गम गांवों में रहने वाले लोगों की समस्याओं को नजदीक से समझने के उद्देश्य से वह इन क्षेत्रों में रात्रि प्रवास कर रहे हैं। लोगों से सीधे संवाद के माध्यम से उनकी जरूरतों की जानकारी मिलती है और समस्याओं के समाधान को ध्यान में रखकर विभिन्न योजनाओं को प्रदेश के बजट में शामिल किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत जनसमस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विकास की मुख्यधारा से वंचित और समाज के संवेदनशील वर्गों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।

छात्राओं की समस्याएं सुनीं
रंगरिक प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रंगरिक के बालिका छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने छात्राओं से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। छात्राओं ने बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग रखी, जिस पर मुख्यमंत्री ने नए बालिका छात्रावास के निर्माण के लिए दो करोड़ रुपये देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने छात्राओं को छात्रावास की चारदीवारी बनाने, दो मल्टी-टास्क वर्करों और एक महिला वार्डन की नियुक्ति तथा पानी की कमी की समस्या का समाधान करने का भी आश्वासन दिया।
वृद्धाश्रम का भी किया दौरा।

मुख्यमंत्री ने रंगरिक प्रवास के दौरान सोनम फुंसुक के आवास पर रात्रि विश्राम किया। स्थानीय लोगों ने उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया और स्थानीय व्यंजन परोसे। इससे पहले उन्होंने की स्थित वृद्धाश्रम का दौरा कर वहां रह रहे वृद्धजनों से बातचीत की तथा उन्हें उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। इस अवसर पर विधायक अनुराधा राणा भी उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *