शिमला माल रोड ‘नो फीडिंग जोन’: आवारा कुत्तों को खाना खिलाने के स्थान तय करने के लिए नगर निगम ने बुलाई अहम बैठक

शिमला: नगर निगम शिमला ने शहर के प्रमुख पर्यटन स्थल माल रोड को आवारा कुत्तों के लिए ‘नो फीडिंग जोन’ घोषित करने के फैसले को प्रभावी ढंग से लागू करने की कवायद तेज कर दी है। इस संबंध में निगम के वेटरनरी पब्लिक हेल्थ ऑफिसर (VPHO) द्वारा जारी एक आधिकारिक सूचना के अनुसार, 25 नवंबर 2026 को सुबह 11:30 बजे माल रोड स्थित रोटरी टाउन हॉल में एक महत्वपूर्ण परामर्श बैठक आयोजित की जा रही है।

यह बैठक नगर निगम आयुक्त के 20 नवंबर 2026 के उस आदेश के संदर्भ में बुलाई गई है, जिसके तहत सीटीओ (CTO) से लेकर इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स लिफ्ट तक के क्षेत्र को ‘नो फीडिंग जोन’ घोषित किया गया है। इस नए नियम को आगामी 1 दिसंबर 2026 से सख्ती से लागू किया जाना है।

बैठक में इस व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए कई अहम बिंदुओं पर चर्चा होगी। इसमें मुख्य रूप से सीटीओ से लिफ्ट तक के हिस्से में ‘नो फीडिंग जोन’ के नियमों का पालन सुनिश्चित करना, सामुदायिक और आवारा कुत्तों को खाना खिलाने के लिए शहर में उपयुक्त वैकल्पिक स्थानों (फीडिंग स्पॉट्स) की पहचान करना और उन स्थानों पर सुबह व शाम का समय तय करना शामिल है। इसके अलावा, आम नागरिकों और डॉग फीडर्स को इन नियमों के प्रति जागरूक करने की रणनीति भी बनाई जाएगी।

निगम प्रशासन ने इस बैठक में संबंधित पार्षदों, पशु कल्याण के क्षेत्र में कार्यरत एनजीओ के प्रतिनिधियों, डॉग लवर्स, मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) और पशु चिकित्सा अधिकारियों को आमंत्रित किया है। निगम का उद्देश्य सभी पक्षों के सुझावों के आधार पर एक ऐसी व्यावहारिक व्यवस्था तैयार करना है, जिससे पशु कल्याण के साथ-साथ आम जनता की सुरक्षा और शिमला शहर के लिए बेहतर हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *