शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में हुई हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में पर्यटन, आपदा राहत, परिवहन, खेल, रोजगार, स्वास्थ्य, बागवानी और विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में सुजानपुर के राज्य स्तरीय होली मेले को अंतरराष्ट्रीय मेले का दर्जा देने, आपदा प्रभावित परिवारों को राहत देने और विभिन्न विभागों में पद भरने सहित कई प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की गई।

कैबिनेट ने सुजानपुर के ऐतिहासिक होली मेले को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए इसे अंतरराष्ट्रीय मेले का दर्जा देने की मंजूरी दी। खेल क्षेत्र में कबड्डी खिलाड़ी ऋतु नेगी सहित अन्य महिला कबड्डी खिलाड़ियों को एक-एक करोड़ रुपये देने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई। वहीं, कांगड़ा जिले की बोह घाटी में आपदा प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए विशेष राहत पैकेज को भी मंजूरी दी गई।

मत्स्य क्षेत्र को प्रोत्साहन देने के लिए जलाशयों में मछली पकड़ने वाले मछुआरों के लिए मुख्यमंत्री मछुआरा सहायता योजना शुरू करने का निर्णय लिया गया। इसके तहत मछली का न्यूनतम समर्थन मूल्य 100 रुपये प्रति किलोग्राम निर्धारित करने को मंजूरी दी गई। इसके अलावा, ट्राउट मछली पालकों को आपदा के कारण होने वाले नुकसान से राहत देने के लिए एक करोड़ रुपये के ट्राउट रिस्क फंड को स्वीकृति प्रदान की गई।

परिवहन और शहरी विकास के क्षेत्र में बद्दी के शीतलपुर में अंतरराज्यीय बस टर्मिनल बनाया जाएगा। हमीरपुर के पुराने बस स्टैंड पर सिटी सेंटर स्थापित करने के साथ छोटा शिमला चौक का पुनर्विकास और अंडरपास का निर्माण किया जाएगा। बाबा बालक नाथ मंदिर, दियोटसिद्ध में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आठ मंजिला मल्टीलेवल पार्किंग सह शौचालय परिसर बनाने का भी निर्णय लिया गया।

रोजगार के क्षेत्र में वन विभाग में 500 असिस्टेंट फॉरेस्ट गार्ड के पद भरने को मंजूरी दी गई। बागवानी विभाग में 40 हॉर्टिकल्चर एक्सटेंशन ऑफिसर और 10 हॉर्टिकल्चर डेवलपमेंट ऑफिसर के पद भरने का भी फैसला लिया गया। स्वास्थ्य एवं नर्सिंग शिक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से चंबा में 60 सीटों वाला सरकारी बीएससी नर्सिंग कॉलेज खोलने को मंजूरी प्रदान की गई।

बैठक में 33 छोटी जलविद्युत परियोजनाओं का आवंटन रद्द करने का निर्णय लिया गया। वहीं, हिमाचल प्रदेश हॉर्टिकल्चर डेवलपमेंट प्रोजेक्ट (HPSHIVA) की अवधि जून 2030 तक बढ़ाने को मंजूरी दी गई। सरकारी डेंटल कॉलेज शिमला का नाम बदलकर राजीव गांधी राजकीय डेंटल कॉलेज एवं अस्पताल शिमला करने का भी फैसला लिया गया।

इसके अतिरिक्त, प्रदेश में पोषण संबंधी लक्ष्यों और योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए हिमाचल प्रदेश पोषण नीति 2026 को मंजूरी दी गई। इन फैसलों के जरिए सरकार ने पर्यटन, ग्रामीण आजीविका, रोजगार, बुनियादी ढांचे और सामाजिक कल्याण से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में योजनाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में कदम उठाए हैं।
#HimachalPradesh #HimachalNews #ShimlaNews #CabinetDecisions #SukhvinderSinghSukhu #HPNews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *