शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के गणित एवं सांख्यिकी विभाग द्वारा नव प्रवेशित एम.एससी. गणित विद्यार्थियों के लिए आयोजित इंडक्शन कार्यक्रम के चौथे दिन विभिन्न विषयों पर व्याख्यान आयोजित किए गए। सामाजिक विज्ञान संकाय के डीन एवं सरदार पटेल विश्वविद्यालय, मंडी के पूर्व कुलपति प्रो. देव दत्त शर्मा ने ‘व्यक्तित्व विकास’ विषय पर व्याख्यान दिया और व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक सफलता के लिए ABCD फ्रेमवर्क के महत्व पर प्रकाश डाला। इसके बाद डॉ. पल्लवी भारद्वाज ने ‘प्रभावी संचार कौशल’ पर संवादात्मक एवं ऊर्जावान सत्र लिया। उन्होंने शैक्षणिक और व्यावसायिक जीवन में आत्मविश्वासपूर्ण संचार के महत्व को रेखांकित किया। कार्यक्रम का समन्वय डॉ. मेहक मेहरान, डॉ. शालिनी गुप्ता और डॉ. पुष्प लता शर्मा ने किया। विद्यार्थियों ने दोनों सत्रों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
