शिमला, 25 अगस्त। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर पूर्व भाजपा सरकार की योजनाओं को बंद करने और विपक्ष को निशाना बनाने का आरोप लगाया। विधानसभा परिसर में भाजपा विधायकों के प्रदर्शन के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने सरकार से पूर्व सरकार की योजनाओं को बहाल करने की मांग की।
जयराम ठाकुर ने कांग्रेस की नौकरी की गारंटी को लेकर मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता में आने से पहले कांग्रेस ने पांच लाख नौकरियां देने और पहली कैबिनेट में एक लाख पद भरने का दावा किया था। अब सरकार नौकरी देने में असमर्थता जता रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि नौकरी नहीं देनी थी तो युवाओं से ऐसी गारंटी क्यों की गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सहारा पेंशन और वृद्धावस्था पेंशन के लाभार्थियों को परेशान कर रही है तथा हिमकेयर योजना का भुगतान रोककर मरीजों को इलाज से वंचित किया जा रहा है। उनका दावा है कि हिमकेयर को बदनाम करने के लिए घोटाले के आरोपों के आंकड़े भी बदले जा रहे हैं।
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री विजिलेंस अधिकारियों पर भाजपा नेताओं के खिलाफ मामले बनाने का दबाव डाल रहे हैं। राष्ट्रगान के कथित अपमान के मामले में भी उन्होंने मुख्यमंत्री पर विपक्ष को बदनाम करने का आरोप लगाया और कहा कि विधानसभा की वीडियो रिकॉर्डिंग सामने आने से सरकार का आरोप बेनकाब हो गया है।
नेता प्रतिपक्ष ने पालमपुर में निजी अस्पताल में डेढ़ लाख रुपये जमा न कर पाने के कारण एक व्यक्ति की मौत का दावा करते हुए कहा कि हिमकेयर बंद होने से लोगों को इलाज में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर गंभीरता से विचार करने की मांग की।
#jairamthakur #Bjphimachalpardesh #Protest
