ऊना, 6 सितंबर। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि रामपुर पुल से हरोली जल भवन तक के क्षेत्र को आधुनिक सुविधाओं और बेहतर कनेक्टिविटी से जोड़कर ‘न्यू हरोली विकास पथ’ के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नई दिल्ली की तर्ज पर विकसित हो रही ‘न्यू हरोली’ एक वर्ष के भीतर क्षेत्र के विकास की नई पहचान बनेगी।
उन्होंने बताया कि करीब चार करोड़ रुपये की लागत से रामपुर पुल से जल भवन तक सौंदर्यीकरण कार्य शुरू हो चुका है। क्षेत्र में करीब 14 करोड़ रुपये का ट्रैफिक पार्क और 12 करोड़ रुपये की लागत से जल शक्ति भवन का निर्माण पूरा हो चुका है। वहीं 22 करोड़ रुपये से हेलीपोर्ट और करीब 10 करोड़ रुपये से आधुनिक सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक का निर्माण जारी है।
उन्होंने कहा कि वाहनों की पासिंग के लिए ऑटोमेटिक टेस्टिंग स्टेशन, न्यायिक परिसर, इंडोर स्टेडियम, मेला ग्राउंड, उद्योग विभाग कार्यालय और पूर्व सैनिक भवन भी बनाए जाएंगे। इन विकास कार्यों की हर दो सप्ताह बाद समीक्षा होगी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि न्यू हरोली क्षेत्र में कैमरे और स्पीड राडार लगाए जा रहे हैं। साथ ही पेयजल प्याऊ, रेन शेल्टर, बैठने की व्यवस्था और डिजिटल स्क्रीन भी स्थापित की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि ‘चल मंदरा नूं चलिए’ अभियान के तहत 50 बसों से क्षेत्रवासियों को चिंतपूर्णी, नैना देवी, ज्वालाजी और बाबा बालक नाथ मंदिरों की धार्मिक यात्रा करवाई जाएगी। इसके अलावा महिला, एससी, पूर्व सैनिक, युवा और ओबीसी सम्मेलन आयोजित होंगे तथा ‘हरोली जोड़ो अभियान’ चलाया जाएगा।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस महासचिव रणजीत सिंह राणा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुमन ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर कौर सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
