बिलासपुर। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने बरमाणा में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित कार्यशाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की 12 वर्षों की विकास यात्रा को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि सेवा, सुशासन और विकास के क्षेत्र में देश ने अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं।

जयराम ठाकुर ने कहा कि बीते वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं और भारत ‘फ्रैजाइल फाइव’ से निकलकर दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में सबसे तेज गति से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बना है। रक्षा उत्पादन में करीब चार गुना, खादी एवं ग्रामोद्योग में पांच गुना, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण में सात गुना, आधुनिक रेलवे कोच उत्पादन में 21 गुना तथा मोबाइल फोन उत्पादन में 35 गुना वृद्धि हुई है। इंटरनेट उपयोगकर्ताओं, पेटेंट और डिजिटल लेन-देन में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है।

उन्होंने कहा कि जनधन, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं ने आम नागरिक का जीवन आसान बनाया है। सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार से रोजगार और अवसरों के नए द्वार खुले हैं। सरकार ने हजारों अनुपालनों को समाप्त कर शासन को सरल बनाया है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि आज भारत आत्मविश्वास से भरा हुआ है और धरती से अंतरिक्ष तक अपनी क्षमता का परिचय दे रहा है। ‘विकसित भारत’ का संकल्प केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का सामूहिक संकल्प है।

इस अवसर पर प्रदेश बिलासपुर प्रभारी रश्मिधर सूद, जिला अध्यक्ष किशन चंदेल, विधायक रणधीर शर्मा, जे.आर. कटवाल, त्रिलोक जामवाल, जिला परिषद अध्यक्ष लेखराम, पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

#बिलासपुर #जयरामठाकुर #नरेंद्रमोदी #सेवासंकल्पअभियान #विकसितभारत #सुशासन #विकास #भाजपा #हिमाचलप्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *