17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक हिमाचल में चलेगा सेवा संकल्प अभियान: बिंदल।
8 हजार बूथों के 80 हजार घरों में जलेंगे ‘आशीर्वाद के दीप’, डॉ राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर शिक्षा और वित्तीय कुप्रबंधन को लेकर साधा निशाना
शिमला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में हिमाचल प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाया जाएगा और 8 हजार बूथों के करीब 80 हजार घरों में प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की कामना के लिए ‘आशीर्वाद के दीप’ जलाए जाएंगे।
बिंदल ने बताया कि 17 सितंबर को शाम 7 बजे दीप प्रज्ज्वलन के साथ अभियान की शुरुआत होगी। 17 से 20 सितंबर तक रक्तदान शिविर, विद्यार्थियों के लिए पेंटिंग व वाद-विवाद प्रतियोगिताएं तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान सहित 25 प्रकार के सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के अंतिम चरण में युवा मोर्चा की ओर से ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हिमाचल में अटल टनल सहित अनेक सुरंगों, पुलों और सड़क परियोजनाओं से आधारभूत ढांचे में बड़ा बदलाव आया है।
वहीं, कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए बिंदल ने कहा कि सरकार के 2032 तक आत्मनिर्भर हिमाचल के दावे के विपरीत CAG की रिपोर्ट वित्तीय प्रबंधन पर गंभीर सवाल उठाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि बढ़ते कर्ज और वित्तीय कुप्रबंधन के बीच सरकार जनता को खोखले सपने दिखा रही है।
बिंदल ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि कई स्कूल सिंगल टीचर व्यवस्था से जूझ रहे हैं, जबकि भवन और मूलभूत सुविधाओं की कमी बनी हुई है। उन्होंने सरकारी स्कूलों में फीस बढ़ाने, मुफ्त वर्दी और परिवहन सुविधाओं में कटौती का आरोप लगाया। बिंदल ने कहा कि भाजपा हर महीने करीब 200 स्थानों पर स्थानीय समस्याओं को लेकर आंदोलन करेगी और जनहित के मुद्दे सदन से सड़क तक उठाती रहेगी।
#सेवा_संकल्प_अभियान #राजीव_बिंदल #नरेंद्र_मोदी #हिमाचल_प्रदेश #भाजपा #सेवा_ज्योति_यात्रा #शिक्षा #हिमाचल_सरकार #CAG
