रेणुका, 23 सितंबर। पूर्व विधायक एवं पूर्व मुख्य संसदीय सचिव स्वर्गीय डॉ. प्रेम सिंह की 78वीं जयंती एवं 15वीं पुण्यतिथि पर रेणुका के माईना बाग में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं रेणुका विधायक विनय कुमार, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान और शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर सहित अन्य नेताओं ने डॉ. प्रेम सिंह को श्रद्धांजलि दी। डॉ. प्रेम सिंह छह बार रेणुका विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके थे।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने 70 लाख रुपये की लागत से पिपलीघाट में जल शक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता कार्यालय एवं आवास के नवीनीकरण कार्य, जल जीवन मिशन के तहत 1.12 करोड़ रुपये की उठाऊ पेयजल योजना तथा 2.12 करोड़ रुपये की प्रवाह पेयजल योजना का लोकार्पण किया। इसके अलावा नौहराधार में एक करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बस अड्डे का शिलान्यास किया।

रजनी पाटिल ने कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति डॉ. प्रेम सिंह के प्रति सम्मान को दर्शाती है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि 2027 में कांग्रेस दोबारा सरकार बनाएगी और सिरमौर से कांग्रेस के सभी प्रत्याशी फिर जीतेंगे।

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि नेता तप और संघर्ष से बनते हैं तथा मजबूत नेतृत्व के माध्यम से क्षेत्र का विकास आगे बढ़ता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना लागू की है। उन्होंने अगले माह से 2.50 लाख महिलाओं को 1500 रुपये की आर्थिक सहायता देने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल के अधिकारों की लड़ाई सुप्रीम कोर्ट में लड़ रही है।

उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने सिरमौर को प्रदेश का सिरमौर बनाने का आह्वान किया। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि विनय कुमार डॉ. प्रेम सिंह के विकास कार्यों को आगे बढ़ा रहे हैं। कार्यक्रम में विधायक अजय सोलंकी सहित प्रशासनिक अधिकारी, कांग्रेस पदाधिकारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
#Renuka #Sirmaur #DrPremSingh #HimachalPradesh #Congress #MukeshAgnihotri #VinayKumar #HimachalNews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *