सलूणी। सलूणी विकासखंड की ठाकरी मट्टी पंचायत के प्रधान पद का चुनाव परिणाम करीब चार महीने बाद बदल गया है। चुनाव के बाद संतोष कुमारी को विजेता घोषित किया गया था, लेकिन दोबारा हुई मतगणना में पहले दूसरे स्थान पर रहीं भारती ठाकुर ने 44 मतों से जीत दर्ज की है। परिणाम में बदलाव के बाद पंचायत की सियासत चर्चा में आ गई है।

सलूणी के बीडीओ कंवर सिंह के अनुसार एसडीएम के निर्देश पर उनकी मौजूदगी में दोबारा मतगणना करवाई गई। इसके लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई थी, जिसमें सीडीपीओ, एसईपीओ और जेई को शामिल किया गया था। रिकाउंटिंग में भारती ठाकुर को 601, जबकि संतोष कुमारी को 557 मत मिले। इस तरह भारती ठाकुर 44 मतों से आगे रहीं और उन्हें ठाकरी मट्टी पंचायत के प्रधान पद का विजेता घोषित किया गया।

इससे पहले 26 मई को पंचायत चुनाव की मतगणना के बाद संतोष कुमारी को 597 वोट मिले थे, जबकि भारती ठाकुर के खाते में 561 मत आए थे। उस समय संतोष कुमारी को विजेता घोषित किया गया था। वहीं, पांच वोट अवैध और चार वोट नोटा के दर्ज किए गए थे।

चुनाव परिणाम से असंतुष्ट भारती ठाकुर ने एसडीएम सलूणी के समक्ष चुनाव याचिका दायर की थी। याचिका पर सुनवाई के बाद एसडीएम ने दोबारा मतगणना के निर्देश दिए। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत रिकाउंटिंग करवाई गई, जिसमें चुनाव परिणाम पूरी तरह बदल गया।

भारती ठाकुर ने कहा कि चुनाव के दौरान उन्हें 36 वोट से हारा हुआ दर्शाया गया था। उन्होंने बताया कि इसके बाद एक माह के भीतर एसडीएम के समक्ष चुनाव याचिका दायर की। अब दोबारा मतगणना में उन्हें 44 वोट से विजेता घोषित किया गया है।

वहीं, पहले विजेता घोषित हुईं संतोष कुमारी ने रिकाउंटिंग की प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि दोबारा मतगणना के दौरान वह स्वयं मौके पर मौजूद नहीं थीं और न ही उनकी ओर से कोई प्रतिनिधि मौजूद था। उन्होंने प्रक्रिया पर संदेह जताते हुए अपने पक्ष के लिए हाई कोर्ट का रुख करने की बात कही है। अब मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पर नजर रहेगी।

#सलूणी #चंबा #ठाकरीमट्टी #पंचायतचुनाव #हिमाचलप्रदेश #PanchayatElection #HimachalNews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *