शिमला। राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने युवाओं से पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जिम्मेदारी और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। वह रविवार को रोटरी क्लब शिमला मिडटाउन द्वारा आयोजित 25वें वार्षिक कार्यक्रम ‘मंथन’ में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
कार्यक्रम में शिमला और आसपास के स्कूलों के 400 से अधिक विद्यार्थियों के साथ करीब 150 शिक्षक, अभिभावक और रोटरी क्लब के सदस्य शामिल हुए। इस दौरान पर्यावरण, जनसंख्या संबंधी चुनौतियों और नशा रोकथाम जैसे विषयों पर विभिन्न प्रतियोगिताएं और गतिविधियां आयोजित की गईं।
राज्यपाल ने ‘मंथन’ के 25वें संस्करण के सफल आयोजन पर रोटरी क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों की रचनात्मकता और उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि कार्यक्रम में उठाए गए मुद्दे समाज के सामने मौजूद महत्वपूर्ण चुनौतियों से जुड़े हैं और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को प्रभावित करेंगे।
उन्होंने हिमाचल की नाजुक पारिस्थितिकी पर चिंता जताते हुए कहा कि प्रदेश के जंगल, जलस्रोत, नदियां, ग्लेशियर, पहाड़ और जैव विविधता केवल प्राकृतिक संपदा नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों की विरासत हैं। उन्होंने विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखने पर जोर दिया। विद्यार्थियों से जल संरक्षण, वनों की सुरक्षा, कचरा प्रबंधन, प्लास्टिक के कम उपयोग, स्वच्छ ऊर्जा और पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
नशे के खिलाफ अभियान पर राज्यपाल ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित नहीं करता, बल्कि परिवार, समाज और देश की युवा शक्ति पर भी असर डालता है। उन्होंने नशामुक्त हिमाचल के लक्ष्य को जन आंदोलन बनाने के लिए परिवारों, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों और युवाओं की सामूहिक भागीदारी का आह्वान किया।
राज्यपाल ने विद्यार्थियों को अनुशासन और मेहनत को जीवन का साथी बनाने, सफलता के बावजूद विनम्र रहने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा दी। उन्होंने विजेता टीमों को पुरस्कार भी प्रदान किए।
इस अवसर पर रोटरी क्लब शिमला मिडटाउन के अध्यक्ष रोटेरियन कवि खन्ना, जिला गवर्नर रोटेरियन रीता कालरा और रोटेरियन अपर्णा नेगी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
#Shimla #HimachalPradesh #Governor #Manthan2026 #RotaryClubShimla #DrugFreeHimachal #Environment #Youth #ShimlaNews
