शिमला पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई को और तेज करते हुए दो अलग-अलग NDPS मामलों में बैकवर्ड लिंकेज विकसित कर मुख्य सप्लायरों तक पहुंच बनाई है। पुलिस ने बालूगंज और चड़गांव थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए चंडीगढ़ और मोहाली से दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक 80 मुख्य सप्लायर गिरफ्तार किए जा चुके हैं और 61 नशा सप्लाई नेटवर्क को ध्वस्त किया गया है।
पुलिस थाना बालूगंज में दर्ज अभियोग संख्या 201/26, दिनांक 27 सितंबर 2026, धारा 21, 29 NDPS Act के तहत शोघी क्षेत्र में चैकिंग के दौरान निथर, कुल्लू निवासी 26 वर्षीय क्षितिज वर्मा से करीब 6 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई थी। जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन से मनीमाजरा, चंडीगढ़ निवासी रोहित उर्फ राहुल के साथ WhatsApp चैट सामने आई। CDR और IPDR के विश्लेषण से भी दोनों के बीच संपर्क और मुलाकात से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य मिले।
इन तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने बैकवर्ड लिंकेज विकसित किए और विशेष टीम चंडीगढ़ भेजी। टीम ने 4 अक्टूबर को रोहित उर्फ राहुल को गिरफ्तार किया। पुलिस अब सप्लाई के स्रोत और नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की जांच कर रही है।
इसी तरह, पुलिस थाना चड़गांव में दर्ज अभियोग संख्या 97/26 में 27 सितंबर को बडियारा क्षेत्र में गश्त के दौरान चिड़गांव निवासी 30 वर्षीय अमित से करीब 7 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुआ था। जांच में मोबाइल डेटा और CDR के आधार पर नशे की सप्लाई के स्रोत का पता लगाया गया।
जांच में सामने आया कि बरामद चिट्टा बलौंगी, मोहाली में वीरेंद्र नामक व्यक्ति से प्राप्त किया गया था। आगे की तफ्तीश में संदीप पुत्र वीरेंद्र, निवासी चिड़गांव, जिला शिमला, उम्र 41 वर्ष की संलिप्तता के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई। बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर पुलिस टीम ने संदीप की तलाश की और उसे बलौंगी, मोहाली से पूछताछ के बाद 30 सितंबर को गिरफ्तार किया।
शिमला पुलिस के अनुसार अब कार्रवाई केवल नशे की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है। डिजिटल साक्ष्य, मोबाइल डेटा, CDR, IPDR और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के माध्यम से सप्लाई चेन के मुख्य लोगों तक पहुंच बनाई जा रही है। वर्ष 2024 में 8 मुख्य सप्लायर गिरफ्तार कर 4 नेटवर्क और वर्ष 2025 में 14 मुख्य सप्लायर गिरफ्तार कर 3 नेटवर्क ध्वस्त किए गए थे।
#ShimlaPolice #DrugFreeShimla #NDPS #Chitta #DrugNetwork #HimachalPolice #Shimla #CrimeNews #DrugFreeHimachal




