कांगड़ा/नगरोटा बगवां, 6 अक्तूबर। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर आउटसोर्स कर्मचारियों की नौकरियां छीनने, रोजगार के वादे पूरे न करने और प्रदेश में सरकार की कार्यप्रणाली को लेकर तीखा हमला बोला। नगरोटा बगवां में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले चार साल में चार लाख और पहले कैबिनेट में एक लाख नौकरियां देने की गारंटी दी थी। सरकार को चार साल पूरे होने जा रहे हैं, लेकिन चार लाख नौकरियां कहां हैं, इसका जवाब सरकार को देना चाहिए।

जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि रोजगार देने के बजाय पूर्व सरकार के समय आउटसोर्स पर लगाए गए हजारों कर्मचारियों को हर साल नौकरी से निकाला गया। उन्होंने मंडी के नेरचौक मेडिकल कॉलेज में आउटसोर्स कर्मचारी द्वारा नौकरी से निकाले जाने के बाद कथित तौर पर जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किए जाने की घटना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार को कर्मचारियों और उनके परिवारों की परेशानियों को समझना चाहिए।

उन्होंने कांग्रेस सरकार में अंदरूनी कलह का आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री बार-बार कैबिनेट बैठकें टाल रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सरकार में मंत्रिमंडल की बजाय मित्र मंडल का प्रभाव है। जयराम ने कहा कि पंचायती राज और स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा की जीत से जनता का कांग्रेस सरकार से भरोसा उठने का संकेत मिला है। लाहौल-स्पीति में जिला परिषद अध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी की जीत के बाद उन्होंने 12 में से 11 जिला परिषदों पर भाजपा समर्थित नेतृत्व होने का दावा किया।

जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री के उस दावे पर भी सवाल उठाए, जिसमें प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों में रोबोटिक सर्जरी होने और 500 से अधिक सर्जनों के प्रशिक्षण लेने की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि सरकार को श्वेत पत्र जारी कर प्रदेश में उपलब्ध रोबोटिक सर्जरी मशीनों, मेडिकल कॉलेजों और प्रशिक्षित सर्जनों का पूरा विवरण सार्वजनिक करना चाहिए। उन्होंने कहा कि चंबा और नाहन मेडिकल कॉलेज के मरीज भी रोबोटिक सर्जरी सुविधा के संबंध में जानकारी मांग रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *