शिमला, 6 अक्तूबर। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। सरकार का उद्देश्य प्रदेश के लोगों को राज्य के भीतर ही गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। वह मंगलवार को एम्स बिलासपुर के प्रथम दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए और डिग्री प्राप्त करने वाले स्नातक विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का हिमाचल प्रदेश में स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश देवभूमि के साथ-साथ वीरभूमि भी है। प्रदेश की मंदिर परंपराओं, लोक संस्कृति और सदियों पुरानी विरासत ने इसे विशिष्ट पहचान दी है। उन्होंने कहा कि बिलासपुर के लोगों ने राष्ट्र निर्माण और विकास के लिए विस्थापन का दर्द भी सहा है। भाखड़ा बांध देश के विकास और आर्थिक समृद्धि का प्रतीक होने के साथ बिलासपुर के लोगों के त्याग और योगदान को भी दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में सरकार ने स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया है। एम्स दिल्ली की तर्ज पर प्रदेश में 3-टेस्ला एमआरआई, पैट स्कैन, उच्च क्षमता वाली एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड मशीनों जैसी आधुनिक डायग्नॉस्टिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश है कि विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं केवल शहरों तक सीमित न रहें, बल्कि दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों के लोगों को भी इनका लाभ मिले।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में रोबोटिक सर्जरी शुरू की गई है। महंगे निजी अस्पतालों में उपलब्ध अत्याधुनिक उपचार अब सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में भी उपलब्ध करवाए जा रहे हैं, जिससे आम जनता और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को लाभ मिलेगा।

सुक्खू ने बताया कि प्रदेश में पहले 277 पीजी मेडिकल सीटें थीं और सरकार 320 अतिरिक्त पीजी सीटें बढ़ाने के प्रयास कर रही है। उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से इस दिशा में सहयोग का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि उत्तर भारत का पहला ऐसा कॉलेज भी शुरू किया गया है, जहां पैरामेडिकल और अलाइड पाठ्यक्रम संचालित हो रहे हैं। साथ ही एम्स की तर्ज पर आयुर्वेदिक अस्पताल स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा सहित तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी, सांसद हर्ष महाजन, विधायक रणधीर शर्मा, जीत राम कटवाल, त्रिलोक जम्वाल और एम्स के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *