शिमला, 7 अक्तूबर। आगामी दीपावली पर्व के मद्देनजर जिला शिमला में पटाखों की बिक्री, भंडारण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उपायुक्त अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में संबंधित विभागों, पटाखा विक्रेताओं और सुरक्षा एजेंसियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में दीपावली के दौरान पटाखों की सुरक्षित एवं व्यवस्थित बिक्री सुनिश्चित करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि जिले में पटाखों की बिक्री, भंडारण, परिवहन और वितरण विस्फोटक अधिनियम, 1884, विस्फोटक नियम, 2008 तथा सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी लाइसेंस एवं अनुमति की शर्तों के अनुसार ही किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना वैध लाइसेंस पटाखों की बिक्री या भंडारण की अनुमति नहीं होगी और नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

निर्देशों के अनुसार पटाखों का भंडारण एवं बिक्री केवल लाइसेंस प्राप्त परिसर से ही की जाएगी। सड़क किनारे स्टॉल, वाहन, अस्थायी ढांचे या अन्य अनधिकृत स्थानों से बिक्री प्रतिबंधित रहेगी। पटाखे केवल लाइसेंस प्राप्त निर्माता अथवा अधिकृत आपूर्तिकर्ता से ही खरीदे जाएंगे और खरीद की रसीद तथा आपूर्तिकर्ता के लाइसेंस का रिकॉर्ड सुरक्षित रखना होगा। विदेशी या तस्करी से लाए गए पटाखों की बिक्री एवं भंडारण पर भी रोक रहेगी।

विक्रेताओं को लाइसेंस में निर्धारित मात्रा से अधिक पटाखे रखने की अनुमति नहीं होगी। दुकान में सुरक्षित विद्युत व्यवस्था, स्वतंत्र प्रवेश एवं आपातकालीन निकास, अग्निशामक यंत्र, रेत और पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी। दुकान के आसपास धूम्रपान, खुली आग, माचिस अथवा किसी अन्य ज्वलनशील स्रोत का इस्तेमाल प्रतिबंधित रहेगा।

पटाखे मूल और स्वीकृत पैकिंग में ही रखे और बेचे जाएंगे। निर्धारित ध्वनि सीमा से अधिक आवाज करने वाले पटाखों की बिक्री नहीं की जा सकेगी। विक्रेताओं को खरीद, बिक्री और स्टॉक का पूरा रिकॉर्ड रखना तथा मूल लाइसेंस दुकान पर प्रमुखता से प्रदर्शित करना होगा। अस्थायी दुकानों के लिए अलग से सक्षम प्राधिकारी की अनुमति आवश्यक होगी।

आग, विस्फोट, स्टॉक की कमी या अन्य गंभीर घटना होने पर तत्काल पुलिस थाना और संबंधित लाइसेंसिंग प्राधिकारी को सूचना देनी होगी। बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कानून एवं व्यवस्था पंकज शर्मा सहित अन्य हितधारक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *