मंडी। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि गांधी परिवार देश के संविधान से ऊपर नहीं है। कांग्रेस नेताओं को संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करना चाहिए और देश में अराजकता का माहौल खड़ा करने से बाज आना चाहिए। उन्होंने दिल्ली में चुनाव आयोग के खिलाफ कांग्रेस के प्रदर्शन की भी आलोचना की।

जयराम ठाकुर वीरवार को मंडी के इंदिरा मार्केट पार्क में भाजपा महिला मोर्चा द्वारा आयोजित ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ रंगोली कार्यक्रम का शुभारंभ करने पहुंचे थे। कार्यक्रम के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल सेवाकाल के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में देशभर में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देशवासी चाहते हैं कि आगामी 25 वर्षों तक भी नरेंद्र मोदी देश का नेतृत्व करें।

प्रदेश की राजनीतिक स्थिति पर उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के भीतर गुटबाजी अब खुलकर सामने आ गई है। पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह की हालिया बयानबाजी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस में नेतृत्व को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने तंज कसा कि मुख्यमंत्री अक्सर भाजपा में गुटों की बात करते हैं, लेकिन उन्हें अब अपने दल के भीतर झांककर देखना चाहिए, जहां एक नहीं बल्कि अनेक गुट दिखाई दे रहे हैं।

चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन को लेकर जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस को संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि देश में अराजकता के जरिए चुनी हुई सरकार को गिराने की सोच गलत है।

इससे पहले जयराम ठाकुर ने सराज विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत खारसी के थाची में ‘समरसता संकल्प अभियान’ में हिस्सा लिया। उन्होंने संत शिरोमणि गुरु रविदास की शिक्षाओं को याद करते हुए कहा कि उनके विचार समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश देते हैं। उन्होंने लोगों से जाति-पंथ से ऊपर उठकर सामाजिक समरसता, शांति और सद्भाव बनाए रखने का आह्वान किया।

#JairamThakur #Mandi #HimachalPradesh #BJP #Congress #ElectionCommission #GuruRavidas #SamrastaSankalpAbhiyan #HimachalNews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *