शिमला, 8 अक्तूबर। हिमाचल प्रदेश संयुक्त संघर्ष समिति के अतिरिक्त महासचिव भूपराम वर्मा ने आरोप लगाया है कि कुछ स्वयंभू नेता सरकार की कठपुतली बनकर पेंशनरों को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संगठन और पेंशनरों से जुड़े मामलों के तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश कर वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास किया जा रहा है।

वर्मा ने सुरेश ठाकुर की सदस्यता से जुड़े विवाद का हवाला देते हुए कहा कि 28 सितंबर के आदेश में उनके पक्ष को सही पाया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि हालिया प्रेस वार्ता में इन तथ्यों को सामने नहीं रखा गया। उन्होंने कहा कि 3 अक्तूबर के आदेश को प्रथम अपीलीय प्राधिकारी एवं सचिव सहकारिता के समक्ष चुनौती दी जा रही है।

उन्होंने पेंशन वेलफेयर एसोसिएशन के को-ऑपरेटिव बैंक की माल शाखा में जमा करीब साढ़े पांच लाख रुपये का मामला भी उठाया। वर्मा ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों की नजर इस राशि पर है। बैंक प्रबंधन से मामला विचाराधीन रहने तक खाते का संचालन रोकने का आग्रह किया गया है।

वर्मा ने कहा कि समिति का जनजागरण अभियान कई क्षेत्रों में पहुंच चुका है। पंचायत और गांव स्तर पर समितियां बनाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि 17 सूत्रीय मांगपत्र पर 18 संगठनों की समिति को सरकार ने अभी तक वार्ता के लिए नहीं बुलाया है। 15 प्रतिशत महंगाई राहत और छठे वेतन आयोग की देनदारियां लंबित हैं। वार्ता नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

#BhupRamverma #Pensioner

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *