मंडी/करसोग, 9 अक्टूबर। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को करसोग विधानसभा क्षेत्र में नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मान समारोह में प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता ने सुक्खू सरकार को सत्ता से बाहर करने का मन बना लिया है और आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।
जयराम ठाकुर ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं देते हुए जनहित के लिए समर्पित होकर काम करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय निकायों और पंचायती राज चुनावों में कांग्रेस को मिली हार से प्रदेश की राजनीतिक स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने दावा किया कि अब भाजपा की लड़ाई केवल जीतने की नहीं, बल्कि जीत का अंतर दोगुना करने की है।
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार ने प्रदेश में विकास कार्यों पर विराम लगा दिया है। आपदा के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत नहीं हो पाई है। जिन सड़कों पर पहले वाहन चलते थे, वहां अब खच्चरों के सहारे आवाजाही करनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि सरकार नई योजनाएं शुरू करने के बजाय पुरानी योजनाओं और संस्थानों को बंद करने में लगी हुई है।
जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए कहा कि वह अपने विधायकों और मंत्रियों का भी भरोसा खो चुके हैं। उनके अनुसार, मुख्यमंत्री केवल अपने मित्र मंडल की सुनते हैं और सरकार के पास चार साल के कार्यकाल के बावजूद अपनी उपलब्धियों के रूप में बताने के लिए कुछ नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता जनता के बीच जाने से बच रहे हैं, क्योंकि उनके पास गिनाने के लिए कोई ठोस काम नहीं है।
संवैधानिक संस्थाओं को लेकर राहुल गांधी पर निशाना
जयराम ठाकुर ने राहुल गांधी पर संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने और वोट चोरी के आरोपों के जरिए देश में अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की फितरत संवैधानिक संस्थाओं को अपने इशारों पर चलाने की रही है। उन्होंने पूर्व में चुनाव आयुक्तों की नियुक्तियों और हिमाचल में सरकार गठन से जुड़े घटनाक्रमों का उल्लेख करते हुए कांग्रेस की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को देश की जनता के जनादेश का सम्मान करना चाहिए और अराजकता फैलाने के बजाय लोकतांत्रिक व्यवस्था में विश्वास रखना चाहिए। जयराम ठाकुर ने विश्वास जताया कि भाजपा की अगली सरकार प्रदेश में रुके हुए विकास कार्यों को गति देगी।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारी लाल शर्मा, जिला अध्यक्ष हीरालाल, करसोग के विधायक दीपराज सहित स्थानीय पदाधिकारी, नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
#ShimlaLive #HimachalNews #JaiRamThakur #BJP #Karsog #HimachalPradesh #Congress




