शिमला पुलिस की दो बड़ी कार्रवाई, 40 ग्राम चिट्टे के साथ चार आरोपी गिरफ्तार, रामपुर और शोघी में पुलिस ने अलग-अलग मामलों में पकड़ी हेरोइन, एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज
शिमला। जिला शिमला में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल करीब 40 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पहले मामले में पुलिस थाना रामपुर की डिटेक्शन सेल टीम ने 10 अक्तूबर को राष्ट्रीय राजमार्ग-05 पर एमजीएमएससी खनेरी के समीप गश्त के दौरान दो व्यक्तियों को करीब 18 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ा। आरोपियों की पहचान गौरव (23) निवासी तहसील मूनक, जिला संगरूर, पंजाब और राहुल (29) निवासी तहसील रामपुर, जिला शिमला के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में पुलिस थाना रामपुर में एफआईआर संख्या 108/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 में मामला दर्ज किया गया है।

दूसरे मामले में 11 अक्तूबर को स्पेशल सेल शिमला की टीम शोघी पुलिस चौकी के समीप नाकाबंदी पर तैनात थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि दो युवक बाहरी राज्य से चिट्टा लेकर बस में सफर कर रहे हैं। सूचना के आधार पर बस की तलाशी ली गई, जिसमें भुवनेश चौहान (21) निवासी जिला शिमला और गुलशन ठाकुर (21) निवासी तहसील कोटखाई, जिला शिमला के कब्जे से करीब 22 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस थाना वेस्ट शिमला में एफआईआर संख्या 215/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 में मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों में जांच जारी है। गिरफ्तार आरोपियों को संबंधित न्यायालय में पेश किया जाएगा। जिला पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही है।

#ShimlaPolice #ShimlaNews #HimachalNews #चिट्टा #नशामुक्तहिमाचल #NDPSAct

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *