शिमला, 22 अक्टूबर। हिमाचल प्रदेश राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ (HPPTF) का अपनी मांगों को लेकर क्रमिक अनशन गुरुवार को 89वें दिन भी निदेशालय स्कूल शिक्षा, शिमला में जारी रहा। इसी बीच निदेशालय स्कूल शिक्षा ने संघ की विभिन्न मांगों पर चर्चा के लिए 23 अक्टूबर को बैठक निर्धारित की है। बैठक निदेशक स्कूल शिक्षा, हिमाचल प्रदेश की अध्यक्षता में दोपहर 3 बजे निदेशालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में होगी। इस संबंध में 21 अक्टूबर 2026 को जारी अधिसूचना के माध्यम से संघ के प्रदेश अध्यक्ष, महासचिव और सभी जिला अध्यक्षों को बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।

क्रमिक अनशन के 89वें दिन जिला शिमला के PTF ब्लॉक कोटखाई के पदाधिकारियों ने भाग लेकर शिक्षकों के अधिकारों और न्यायोचित मांगों को पूरा करने की आवाज उठाई। इसमें ब्लॉक अध्यक्ष जगजीत ठाकुर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष नवीन कुमार, कोषाध्यक्ष अरुण जस्टा और प्रेस सचिव अंकित चौहान शामिल रहे। संघ ने प्रदेश सरकार से मांगों पर जल्द निर्णय लेने की अपील की।

संघ के अनुसार, आंदोलन महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों के अनुरूप शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से चलाया जा रहा है। दो अक्टूबर को राज्य, जिला, खंड और महिला विंग के पदाधिकारियों ने काले बिल्ले लगाकर शिक्षण कार्य करने का अभियान शुरू किया था। तीन अक्टूबर से प्रदेशभर में शिक्षक और मिड-डे मील (MDM) वर्कर भी काले बिल्ले लगाकर काम कर रहे हैं। पंचायत प्रतिनिधियों ने भी आंदोलन को समर्थन दिया है।

संघ ने विधानसभा के शीतकालीन सत्र से पहले प्रदेश के सभी 68 विधायकों को मांग-पत्र सौंपने और सत्र के दौरान धर्मशाला में विशाल धरना-प्रदर्शन करने की घोषणा की है।

उल्लेखनीय है कि 11 जुलाई को पैदल न्याय यात्रा के शिमला पहुंचने के बाद आंदोलन आगे बढ़ा था। 26 जुलाई को चौड़ा मैदान में विशाल धरना देने के बाद क्रमिक अनशन शुरू किया गया। संघ के अनुसार, आंदोलन को कुल 104 दिन हो चुके हैं। संगठन ने स्पष्ट किया है कि मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रहेगा। अब 23 अक्टूबर की बैठक में शिक्षकों की मांगों पर होने वाली चर्चा पर सबकी नजरें टिकी हैं।
#ShimlaLive #HimachalNews #HPPTF #प्राथमिकशिक्षक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *