(ठियोग में जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह में नेता प्रतिपक्ष ने सुक्खू सरकार पर साधा निशाना, पंचायत चुनाव के नतीजों को लेकर किया दावा)

ठियोग/शिमला, 22 अक्टूबर। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने ठियोग में आयोजित नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह एवं कार्यकर्ता सम्मेलन में कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू प्रदेश के 68 विधानसभा क्षेत्रों को ही जिला बना लें, तब भी कांग्रेस की सत्ता में वापसी नहीं होगी। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

जयराम ठाकुर ने कहा कि हालिया पंचायत चुनावों के नतीजों ने कांग्रेस सरकार को जनता का रुख दिखा दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने आपदा का हवाला देकर पंचायत चुनाव टालने की कोशिश की, जबकि भाजपा ने लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। उन्होंने कहा कि ठियोग में पूर्व भाजपा सरकार के समय खोले गए संस्थानों को वर्तमान सरकार ने बंद कर दिया। साथ ही, महिलाओं को 1,500 रुपये मासिक देने और युवाओं को पांच लाख सरकारी नौकरियां देने की गारंटियों को लेकर भी उन्होंने सरकार को घेरा।

नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आते ही सरकार जिला गठन का मुद्दा उठाकर जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि विधानसभा क्षेत्रों के आधार पर जोड़-तोड़ कर जिले बनाए गए, तो भाजपा की सरकार बनने पर इस फैसले की समीक्षा की जाएगी।

कांग्रेस की अंदरूनी स्थिति पर टिप्पणी करते हुए जयराम ठाकुर ने दावा किया कि पंचायत और स्थानीय निकाय चुनावों में हार के बाद मुख्यमंत्री को पार्टी हाईकमान के समक्ष जवाब देना पड़ा है। उन्होंने मुख्यमंत्री और मंत्रियों के बीच मतभेद होने का आरोप भी लगाया।

प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 तक राज्य पर करीब 69,000 करोड़ रुपये का कर्ज था, जो अब बढ़कर लगभग 1.15 लाख करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने पूछा कि जब विकास कार्य प्रभावित होने के आरोप लग रहे हैं, तो इतना कर्ज किस उद्देश्य से लिया जा रहा है।

उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए राम मंदिर निर्माण और अनुच्छेद 370 हटाने जैसे फैसलों का उल्लेख किया। साथ ही हिमकेयर, सहारा और गृहिणी सुविधा योजना को पूर्व भाजपा सरकार की प्रमुख योजनाएं बताया।

कार्यक्रम में सांसद अनुराग ठाकुर, सांसद सुरेश कश्यप सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता, नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

#ShimlaLive #HimachalNews #JairamThakur #Theog #BJP #HimachalPradesh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *