मंडी। जिला मुख्यालय मंडी में बुधवार को भाजपा की ओर से आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में हजारों कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। पड्डल मैदान से शुरू होकर सेरी मंच तक पहुंची पदयात्रा के बाद आयोजित जनसभा में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस के ‘वोट चोरी’ के आरोपों को भ्रामक प्रचार करार देते हुए कहा कि जनता लोकतांत्रिक संस्थाओं और संवैधानिक व्यवस्था के खिलाफ किए जा रहे दुष्प्रचार का जवाब देगी।
जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि देश विकास, सुशासन, पारदर्शिता और मजबूत लोकतांत्रिक व्यवस्था की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में हार मिलने पर कांग्रेस चुनाव आयोग और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाने लगती है। उन्होंने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया का उद्देश्य गलत वोट बनने से रोकना और सही मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से कटने से बचाना है।
उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस चुनाव जीतने के लिए जनता का विश्वास हासिल करने के बजाय अराजकता का सहारा ले रही है। भारत संविधान से चलता है, किसी परिवार की धमकियों से नहीं। उन्होंने कहा कि भारत की तुलना बांग्लादेश से नहीं की जा सकती और देश में सत्ता परिवर्तन लोकतांत्रिक प्रक्रिया से ही होगा।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री जिस चुनाव आयोग की प्रक्रिया पर सवाल उठा रहे हैं, उसी प्रक्रिया से उन्हें मुख्यमंत्री का पद मिला है। यदि उन्हें चुनाव आयोग के कामकाज पर संदेह है तो उन्हें तत्काल अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
जयराम ने प्रदेश सरकार पर विकास कार्य ठप करने और चुनावी गारंटियां पूरी नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की वित्तीय स्थिति खराब है और सरकार कर्ज लेने के बावजूद विकास कार्य करवाने में असफल रही है। नए जिले बनाने की चर्चाओं पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि अब सरकार की विदाई का समय आ गया है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा मंडी की सभी 10 विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज करेगी और प्रदेश में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी।
कुल्लू विधायक सुंदर ठाकुर को मंत्री बनाने की मुख्यमंत्री की घोषणा पर भी उन्होंने सवाल उठाए। इस दौरान पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज, गोविंद सिंह ठाकुर, विधायक एवं रैली संयोजक राकेश जम्वाल, महामंत्री पायल वैद्य, विधायक विनोद कुमार, इंद्र सिंह गांधी, दलीप ठाकुर, पूर्ण चंद, दीपराज, लोकेंद्र कुमार, मंडी भाजपा जिलाध्यक्ष निहाल चंद शर्मा और सुंदरनगर के विधायक हीरालाल सहित अन्य नेता मौजूद रहे।
#ShimlaLive #HimachalNews #BJP #Mandi #JairamThakur #HimachalPolitics #BJPHimachal




