कोटखाई, 5 नवंबर। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने गुरुवार को कोटखाई उपमंडल के बाग डुमेहर पंचायत में 2 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित लोहट पुल का लोकार्पण किया। यह पुल बाग डुमेहर पंचायत का महत्वपूर्ण और बहुप्रतीक्षित विकास कार्य है। इसका शिलान्यास भी शिक्षा मंत्री ने 15 फरवरी 2023 को किया था।
इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए रोहित ठाकुर ने कहा कि पिछले चार वर्षों में जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र विकास के क्षेत्र में एक आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनकर उभरा है। क्षेत्र में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, नागरिक सुरक्षा और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है।
जुब्बल-नावर-कोटखाई में 850 करोड़ के विकास कार्य
शिक्षा मंत्री ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में सड़क एवं भवन निर्माण पर वर्तमान में 850 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। अब तक 30 भवन जनता को समर्पित किए जा चुके हैं, जबकि आगामी एक वर्ष में 20 अन्य निर्माणाधीन भवनों का लोकार्पण किया जाएगा। क्षेत्र में पांच पुलों का निर्माण पूरा हो चुका है और चार अन्य पुल निर्माणाधीन हैं।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में सर्वाधिक 205 नई सड़कों का निर्माण इसी विधानसभा क्षेत्र में किया गया है, जिनकी सफलतापूर्वक पासिंग भी हो चुकी है। इसके अतिरिक्त नई सड़कों का निर्माण लगातार जारी है।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि कोटखाई में केंद्रीय विद्यालय की स्वीकृति मिलना क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है। विद्यालय निर्माण के लिए 45 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध होगी।
5.36 करोड़ से बन रहा बीडीओ कार्यालय
रोहित ठाकुर ने 5 करोड़ 36 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन विकास खंड अधिकारी कोटखाई भवन का निरीक्षण भी किया। पांच मंजिला इस भवन में कार्यालय, आवास, कर्मचारियों के लिए आधुनिक सुविधायुक्त कमरे, पुस्तकालय, कैंटीन, लिफ्ट और पंचायत समिति हॉल का निर्माण किया जा रहा है। हिमाचल में लिफ्ट युक्त यह पहला ऐसा भवन बताया गया है।
उन्होंने कहा कि भवन के निर्माण से पंचायती राज संस्थाओं को मजबूती मिलेगी और विकास कार्यों को गति मिलेगी। सितंबर 2027 तक भवन का निर्माण पूरा कर जनता को समर्पित करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस अवसर पर एसडीएम कोटखाई डॉ. मनु वर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र मेहता, जिला परिषद सदस्य मीनाक्षी मांजटा, नेहा मेहता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायती राज प्रतिनिधि और कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
#ShimlaLive #himachalnews #Kotkhai #HimachalPradesh #RohitThakur




