पूर्व मुख्यमंत्री का आरोप, कांग्रेस सरकार ने योजना का गला घोंटने और बजट रोकने की कोशिश की, पांच लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा से 80 लाख हिमाचलियों को मिला लाभ।
मंडी, 5 नवंबर। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर पूर्व भाजपा सरकार के समय शुरू हुई हिम केयर स्वास्थ्य योजना को बदनाम करने का आरोप लगाया है। भरमौर में मुख्यमंत्री द्वारा हिम केयर योजना को लेकर की गई टिप्पणी पर कड़ा एतराज जताते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री बेतुकी और तथ्यहीन बातें करने के बजाय उन परिवारों से माफी मांगें, जिन्हें कांग्रेस सरकार द्वारा योजना का गला घोंटने के कारण अपने परिजनों को खोना पड़ा।
जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार का चार वर्ष का कार्यकाल पूरा होने जा रहा है, लेकिन मुख्यमंत्री अभी भी पूर्व भाजपा सरकार को कोसने में लगे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि चार वर्षों तक दुर्गम क्षेत्रों में मुख्यमंत्री के दर्शन नहीं हुए और अब सरकार की विदाई का समय नजदीक आने पर उन्हें इन इलाकों की याद आ रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं ऐसी कोई योजना शुरू नहीं कर सके, जिसे जनता याद रख सके, लेकिन भाजपा सरकार की लोकप्रिय योजनाओं को बदनाम करने में जरूर जुटे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि हिम केयर योजना हिमाचल की जनता के लिए वरदान साबित हुई है। कांग्रेस सरकार ने इसे बंद करने और बजट रोकने की कोशिश की, लेकिन भाजपा विधायक दल के विरोध के चलते ऐसा नहीं कर पाई। जयराम ठाकुर ने कहा कि टांडा मेडिकल कॉलेज और आईजीएमसी शिमला में ऐसे मामले सामने आए, जहां हिम केयर कार्ड होने के बावजूद मरीजों को मुफ्त इलाज की सुविधा नहीं मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों को आर्थिक अभाव में अपनी जान गंवानी पड़ी।
जयराम ठाकुर ने कहा कि हिम केयर योजना के माध्यम से 80 लाख हिमाचलियों को पांच लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा मिली है। उन्होंने मुख्यमंत्री को नसीहत दी कि यदि सरकार कोई अच्छी योजना शुरू नहीं कर पा रही है तो कम से कम जनता के लिए लाभकारी योजनाओं को बदनाम और कमजोर करने का प्रयास न करे।
उन्होंने मुख्यमंत्री पर राजनीतिक संकट को लेकर भी निशाना साधा। जयराम ठाकुर ने कहा कि लोकसभा चुनाव में चारों सीटें हारने और पंचायतीराज एवं स्थानीय निकाय चुनावों में करारी हार के बाद मुख्यमंत्री अपनी साख बचाने में जुटे हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के भीतर मुख्यमंत्री बदलने तक की आवाजें उठ रही हैं, जबकि भाजपा एकजुट होकर चुनाव जीत रही है।
देजी पंचायत में आपदा मृतकों की आत्मिक शांति के लिए भागवत कथा सराज विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत देजी में वर्ष 2025 की प्राकृतिक आपदा के दौरान बाढ़ में जान गंवाने वाले लोगों की आत्मिक शांति के लिए श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया गया। पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कथा में शामिल होकर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि दी तथा शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और प्रभावित परिवारों को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
#JaiRamThakur #BjphimachalPardesh




