BBMB एरियर मामले में हिमाचल के हक में सुप्रीम कोर्ट का फैसला, 20 साल में मिलेगी 55 करोड़ यूनिट बिजली : सुक्खू
6 रुपये प्रति यूनिट पर सालाना 500 करोड़ और 15.50 रुपये की दर से 1000 करोड़ तक राजस्व मिलने की संभावना।

मैहला (चंबा)। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रदेश के अधिकारों की लड़ाई में एक और बड़ी जीत हासिल की है। BBMB के एरियर से जुड़े 15 साल पुराने मामले में सुप्रीम कोर्ट ने हिमाचल प्रदेश के हक में फैसला सुनाया है। इस फैसले के तहत प्रदेश को 55 करोड़ यूनिट बिजली मिलेगी, जिसे BBMB को आगामी 20 वर्षों में हिमाचल को देना होगा।

मैहला में मुख्यमंत्री ने बताया कि यदि इस बिजली को 6 रुपये प्रति यूनिट की दर से बेचा जाता है तो प्रदेश सरकार को सालाना लगभग 500 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त होगा। वहीं, राजस्थान की तर्ज पर अन्य राज्यों के साथ 15.50 रुपये प्रति यूनिट की दर से बिजली खरीद समझौता होने पर यह राजस्व लगभग 1000 करोड़ रुपये सालाना तक पहुंच सकता है।

मुख्यमंत्री ने BBMB मामले को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार प्रदेश के हितों की लड़ाई लड़ने में विफल रही। भाजपा हिमाचल के हितों की रक्षा और संरक्षण नहीं कर पाई। उन्होंने कहा कि जो अपने हितों का संरक्षण नहीं कर सकते, वे प्रदेश हित की लड़ाई भी नहीं जीत सकते।

सुक्खू ने कहा कि वर्तमान सरकार ने निजी हितों के बजाय हिमाचल के हितों की लड़ाई लड़ी है और जिन मुद्दों पर संघर्ष किया, उनमें जीत हासिल की है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने प्रदेश के हितों को नजरअंदाज कर विधायक चोरी करने में समय लगाया।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रदेश के अधिकारों की लड़ाई अभी समाप्त नहीं हुई है। वाटर सेस और चंडीगढ़ में हिमाचल के अधिकारों को लेकर संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने RDG बंद होने के बावजूद विश्वास जताया कि हिमाचल प्रदेश वर्ष 2032 में देश का सबसे अमीर और समृद्धशाली राज्य बनेगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के अधिकारों की लड़ाई में मिल रही सफलताओं के साथ सरकार जनता को उसका हक देने के लिए प्रतिबद्ध है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण अर्थव्यवस्था सहित विभिन्न क्षेत्रों में नई योजनाएं शुरू की जा रही हैं, ताकि प्रदेश के विकास को गति दी जा सके।

#HimachalNews #ShimlaLive #SukhvinderSinghSukhu #BBMB #HimachalPradesh #Chamba #SupremeCourt #HimachalDevelopment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *