संवैधानिक पदों के खिलाफ प्रदर्शन को लोकतंत्र की खूबसूरती बताने वाली सरकार शिक्षकों के आंदोलन पर लगा रही रोक, दोहरे मापदंड नहीं चलेंगे, ऊना दोहरे हत्याकांड पर जताया शोक, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग।
शिमला, 9 नवंबर। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने विधानसभा की कार्यवाही के दौरान शिक्षकों के प्रदर्शन पर रोक लगाने के सरकारी आदेश को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अपने मंत्रिमंडल के साथ संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों के खिलाफ प्रदर्शन और रोड शो करते हैं तो उसे लोकतंत्र की खूबसूरती बताते हैं, लेकिन शिक्षकों द्वारा अपनी लंबित मांगों को लेकर प्रदर्शन करने की आशंका पर रोक लगा देते हैं। सुक्खू सरकार के ये दोहरे मापदंड अब नहीं चल सकते।
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पार्टी प्रभारी और मंत्रियों की मौजूदगी में चुनाव आयोग की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया तथा आयोग के खिलाफ आपत्तिजनक नारे लिखे गए। चुनाव आयोग के कार्यालय में आग लगाने की धमकी दिए जाने पर भी सरकार खामोश रही। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा करवाए गए चुनाव में मुख्यमंत्री सत्ता में आए हैं, लेकिन उसी आयोग के खिलाफ प्रदर्शन को लोकतंत्र की खूबसूरती बताते हैं। वहीं, सरकार के वादे पूरे न होने पर शिक्षकों को अपने अधिकारों के लिए प्रदर्शन करने से रोकने का प्रयास किया जा रहा है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि झूठी गारंटियों और वादों के नाम पर कांग्रेस ने हिमाचल में सरकार बनाई है। आने वाले समय में प्रदेश का हर वर्ग सरकार के खिलाफ खड़ा होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी नाकामी से परिचित है, इसलिए प्रदर्शन की आशंका होते ही प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि तानाशाही से लोगों को सड़कों पर आने से नहीं रोका जा सकता। सरकार अपनी गारंटियां पूरी करे, वादे निभाए और प्रदेशवासियों को उनका हक दे।
ऊना दोहरे हत्याकांड पर जताया शोक
जयराम ठाकुर ने ऊना के दबोली में पति-पत्नी की हत्या की घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण, हृदयविदारक और विचलित करने वाली घटना बताते हुए कहा कि देवभूमि हिमाचल में ऐसी घटनाओं के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिवार को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। साथ ही घटना में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।




