बीबीएमबी मामले में मुख्यमंत्री सुक्खू अकेले श्रेय लेने के बजाय ऐतिहासिक योगदानों को भी दें सम्मान।

मोरारजी देसाई सरकार के समय मिली थी 15 मेगावाट बिजली, जल रॉयल्टी का सिद्धांत स्थापित करवाने में भी रही अहम भूमिका
धर्मशाला, 10 नवंबर। पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) से संबंधित मामलों में आज जो अधिकार प्राप्त हो रहे हैं, वे किसी एक व्यक्ति या सरकार के प्रयासों का परिणाम नहीं, बल्कि दशकों से जारी सामूहिक संघर्ष और प्रयासों की उपलब्धि हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से इस ऐतिहासिक संघर्ष का पूरा श्रेय अकेले लेने के बजाय पूर्व नेताओं और सरकारों के योगदान को भी सम्मान देने का आग्रह किया।

शांता कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू ने बीबीएमबी मामले में सर्वोच्च न्यायालय में पैरवी की है, जिसका वह सम्मान करते हैं। लेकिन प्रदेश के अधिकारों के लिए वर्ष 1977 से लगातार संघर्ष होता रहा है। इस पूरी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और विभिन्न सरकारों के योगदान को नजरअंदाज करना उचित नहीं है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 1977 में मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने संयुक्त पंजाब की संपत्तियों में हिमाचल को न्यायोचित हिस्सा दिलाने के लिए प्रयास शुरू किए। तत्कालीन प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई के समक्ष पुनर्गठन कानून के प्रावधानों के आधार पर हिमाचल का पक्ष रखा। इसके बाद दिल्ली में पंजाब और हरियाणा के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक हुई। इस दौरान हिमाचल को अंतरिम राहत देने की मांग पर भाखड़ा से 15 मेगावाट बिजली तदर्थ आधार पर देने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि लगभग चार दशक बाद भी प्रदेश को इस निर्णय के आधार पर बिजली मिल रही है और करोड़ों रुपये का आर्थिक लाभ हो रहा है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल के अधिकारों की लड़ाई बिजली तक सीमित नहीं रही। पानी की रॉयल्टी का सिद्धांत स्थापित करवाने के लिए भी लंबा संघर्ष करना पड़ा। तत्कालीन प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव के समक्ष तर्क रखने के बाद देश में पहली बार जल रॉयल्टी के सिद्धांत को मान्यता मिली। इससे हिमाचल को प्रतिवर्ष करोड़ों रुपये का लाभ मिल रहा है और अन्य पहाड़ी राज्यों के लिए भी रास्ता खुला है।

शांता कुमार ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के हित राजनीतिक दलों और व्यक्तियों से ऊपर हैं। प्रदेश को उसका न्यायोचित अधिकार मिलना सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि वर्तमान उपलब्धियां उन सभी नेताओं, सरकारों और अधिकारियों के सामूहिक प्रयासों की परिणति हैं, जिन्होंने दशकों तक प्रदेश के अधिकारों की लड़ाई लड़ी।
#ShimlaLive #HimachalNews #BBMB #ShantaKumar #HimachalPradesh #SukhvinderSinghSukhu #हिमाचलसमाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *