पांच साल की अस्थाई नियुक्तियों पर उठाए सवाल, पक्की नौकरियां देने का वादा पूरा करने की मांग; सेना के सम्मान में प्रदर्शन कर रहे लोगों से बदसलूकी को बताया दुर्भाग्यपूर्ण।

शिमला। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार की इंगेजमेंट पॉलिसी-2026 को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है और प्रदेश के संसाधनों का इस्तेमाल केवल अपने मित्रों को लाभ पहुंचाने के लिए कर रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान युवाओं को पांच साल की पक्की नौकरी देने के वादे किए गए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद सरकार अस्थाई और एडहॉक आधार पर भर्तियां कर रही है।

शिमला से जारी बयान में जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार द्वारा अधिसूचित इंगेजमेंट पॉलिसी-2026 के तहत आईटीआई, पॉलिटेक्निक, इंजीनियरिंग और फार्मेसी संस्थानों में अस्थाई शिक्षकों की नियुक्ति का प्रावधान किया गया है। यह व्यवस्था न प्रदेश के हित में है और न ही युवाओं तथा शिक्षा व्यवस्था के हित में। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश के तकनीकी संस्थानों में शिक्षकों की नियुक्ति ही पांच साल के लिए अस्थाई आधार पर होगी तो इससे शिक्षा की गुणवत्ता और युवाओं के भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ेगा।

नेता प्रतिपक्ष ने सीबीएसई स्कूलों में की गई भर्तियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इन स्कूलों में नियुक्त युवाओं को पांच साल बाद उनके भविष्य को लेकर कोई स्पष्टता नहीं है। इतना ही नहीं, उन्हें 12 महीने के बजाय 11 महीने का वेतन दिया जा रहा है। उन्होंने सरकार से तकनीकी संस्थानों में पांच साल के लिए शिक्षकों की भर्ती के फैसले को वापस लेने और नियमित नौकरियां देने की मांग की।

जयराम ठाकुर ने कहा कि व्यावसायिक शिक्षा के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए योग्य शिक्षकों की जरूरत है, लेकिन सरकार शिक्षकों की भर्ती को लेकर ही अस्थाई व्यवस्था अपना रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर देशभर में नौकरियां देने के बड़े-बड़े दावे करने और राष्ट्रीय मंचों पर रोजगार के आंकड़े पेश करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार की नीतियों से उसकी वास्तविकता सामने आ गई है। उन्होंने कहा कि चीफ सेक्रेटरी से लेकर डीजीपी तक अस्थाई व्यवस्था का उदाहरण बन चुके हैं और अब सरकार इसी मॉडल को पूरे प्रदेश में लागू करना चाहती है।
सेना के सम्मान में प्रदर्शन पर पुलिस कार्रवाई की निंदा
जयराम ठाकुर ने शिमला में सेना के सम्मान में प्रदर्शन कर रहे लोगों के साथ पुलिस की कथित बदसलूकी को भी दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना नागरिकों का लोकतांत्रिक अधिकार है और सरकार इसे छीन नहीं सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ संवैधानिक संस्थाओं के कार्यालयों में तोड़फोड़ और आगजनी की धमकी देने वालों को संरक्षण दिया जा रहा है, जबकि सेना के सम्मान में आवाज उठाने वाले लोगों के प्रदर्शन को दबाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *