शिमला, 25 नवंबर। हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य की वित्तीय स्थिति मजबूत करने और प्राकृतिक संसाधनों से अधिक आर्थिक लाभ सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ा फैसला लिया है। प्रदेश सरकार ने स्वर्ण जयंती ऊर्जा नीति-2021 में संशोधन को मंजूरी प्रदान की है। इसके तहत केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (सीपीएसयू) एनएचपीसी, एसजेवीएन और एनटीपीसी की जलविद्युत परियोजनाओं के संचालन के 40 वर्ष पूरे होने के बाद अगले 10 वर्षों तक राज्य को 50 प्रतिशत मुफ्त बिजली रॉयल्टी मिलेगी।
संशोधित प्रावधानों के अनुसार, परियोजना के संचालन के 50 वर्ष पूरे होने के बाद संबंधित जलविद्युत परियोजनाएं सभी प्रकार की देनदारियों से मुक्त होने पर बिना किसी लागत के हिमाचल प्रदेश सरकार को हस्तांतरित कर दी जाएंगी। इन प्रावधानों को लागू करने के लिए संबंधित केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों के साथ अलग-अलग समझौते किए जाएंगे।
वर्तमान नीति के तहत जलविद्युत परियोजनाओं से पहले 12 वर्षों तक 12 प्रतिशत, अगले 18 वर्षों तक 18 प्रतिशत और शेष 10 वर्षों तक 30 प्रतिशत मुफ्त बिजली रॉयल्टी मिलती है। वहीं, 30 सितंबर 2024 को अधिसूचित प्रावधान मुख्य रूप से केंद्रीय और राज्य सार्वजनिक उपक्रमों तथा संयुक्त क्षेत्र की संस्थाओं को आवंटित या आवंटित की जाने वाली परियोजनाओं पर लागू थे। इसके चलते एनएचपीसी, एसजेवीएन और एनटीपीसी की पहले से संचालित परियोजनाओं से रॉयल्टी बढ़ाने का मामला इस दायरे में शामिल नहीं हो पा रहा था।
इस संशोधन के दायरे में प्रदेश की कई प्रमुख जलविद्युत परियोजनाएं आएंगी। इनमें एनएचपीसी की बैरा स्यूल, चमेरा-1, चमेरा-2, चमेरा-3, पार्वती चरण-2 और पार्वती चरण-3 परियोजनाएं शामिल हैं। एसजेवीएन की नाथपा झाकड़ी और रामपुर परियोजना तथा एनटीपीसी की कोल बांध परियोजना भी इसके अंतर्गत आएगी। बैरा स्यूल जलविद्युत परियोजना वर्ष 1982 में शुरू हुई थी और इसे व्यावसायिक संचालन करते हुए 40 वर्ष से अधिक हो चुके हैं।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के लिए जल सबसे महत्वपूर्ण प्राकृतिक संसाधनों में से एक है। जलविद्युत राज्य की आय का प्रमुख स्रोत है और प्रदेश को अपने जल संसाधनों का उपयोग करने वाली परियोजनाओं से उचित हिस्सा मिलना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुफ्त बिजली रॉयल्टी में वृद्धि से राज्य की वित्तीय स्थिति मजबूत होगी और विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों के लिए अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध होंगे। सरकार प्रदेश के प्राकृतिक संसाधनों का सर्वोत्तम उपयोग कर जनता को अधिकतम लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
#HimachalPradesh #Hydropower #FreePowerRoyalty #SukhvinderSinghSukhu #NHPC #SJVN #NTPC #हिमाचलप्रदेश #जलविद्युत #शिमला
