इलेक्ट्रिक बसों के ट्रायल में विफलता के बावजूद खरीद पर उठाए सवाल, शीतकालीन सत्र में जवाब मांगने की कही बात।
शिमला, 15 नवंबर। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने एचआरटीसी इलेक्ट्रिक बसों की खरीद में कथित धांधली और प्रदेश की संपत्तियों को बेचने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से जवाब मांगा है। उन्होंने कहा कि शीतकालीन सत्र में सरकार को इलेक्ट्रिक बसों की खरीद में हुई अनियमितताओं पर जवाब देना होगा। भाजपा हिमाचल की धरोहरों को बिकने नहीं देगी।
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में 297 नई इलेक्ट्रिक बसें खरीदी गईं, लेकिन टेंडर की अनिवार्य शर्तों में बदलाव क्यों किए गए, इसका जवाब सरकार को देना होगा। उन्होंने सवाल उठाया कि स्पेसिफिक रूट्स पर सफल ट्रायल के बिना बसों का निर्माण और आपूर्ति कैसे हुई तथा परवाणू, सोलन और नालागढ़ में बसें किसके निर्देश पर पहुंचाई गईं।
उन्होंने आरोप लगाया कि एचआरटीसी के टेंडर में हिमाचल के 80 निर्धारित रूटों पर सफल ट्रायल अनिवार्य था। ट्रायल के दौरान सामने आने वाली खामियों के आधार पर बसों के प्रोटोटाइप में सुधार और दोबारा परीक्षण किया जाना था। शर्त के अनुसार 180 किलोमीटर चलने के बाद भी बसों में 20 प्रतिशत बैटरी क्षमता बचनी चाहिए थी। इसके बावजूद अधिकांश बसें 150 किलोमीटर के आसपास ही जवाब दे गईं।
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि ट्रायल में विफल रूटों को टेंडर से हटाने की कोशिश हुई। निदेशक मंडल में प्रस्ताव खारिज होने के बाद कथित तौर पर अन्य तरीकों से रूट हटाए गए। उन्होंने कहा कि अब बसों के खराब होने, वापस बुलाए जाने और रूट बंद होने की स्थिति सामने आ रही है।
जयराम ठाकुर ने बसों के वितरण, चीनी कंपनी की हिस्सेदारी वाली कंपनी से खरीद और वार्षिक रखरखाव समझौते पर भी सवाल उठाए। उन्होंने सरकार से इलेक्ट्रिक बसों के रखरखाव का अपना इकोसिस्टम विकसित करने की मांग की।
उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कर्मचारी, पेंशनर, महिलाएं, युवा, किसान और बागवान परेशान हैं, जबकि सरकार हिमाचल ऑन सेल की मुहिम चला रही है।
