नगरोटा बगवां, 18 सितंबर। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) में जल्द चालकों और परिचालकों की भर्ती की जाएगी। उन्होंने कहा कि एचआरटीसी प्रदेश के लोगों की जीवनरेखा है और इसे और मजबूत किया जा रहा है। नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान उन्होंने करीब 150 करोड़ रुपये की विभिन्न उठाऊ सिंचाई, पेयजल और मल निकासी योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया।

उप मुख्यमंत्री ने बलधर और सिंहुंड में 6.35 करोड़ रुपये की उठाऊ सिंचाई योजनाओं का शिलान्यास किया। इनसे 135 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी। पठियार में 25 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मस्सल पेयजल योजना का उद्घाटन किया। योजना से आठ पंचायतों के 40 गांवों की 20 हजार से अधिक आबादी लाभान्वित होगी। इसमें 133 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई गई है।

कीरचंबा में 76 करोड़ रुपये की मल निकासी योजना का शिलान्यास किया गया। वहीं बड़ोह में एडीबी के तहत पुरानी पेयजल योजनाओं के सुधार एवं पुनर्निर्माण कार्य का भूमि पूजन हुआ, जिस पर 35 करोड़ रुपये खर्च होंगे। कार्य को 30 नवंबर तक पूरा करने की समय-सीमा निर्धारित की गई है।
मुकेश अग्निहोत्री ने नगरोटा बगवां बस अड्डे से 10 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और स्वयं बस में बड़ोह तक यात्रा की। उन्होंने बताया कि 500 पुरानी बसों को हटाया जा रहा है। 297 इलेक्ट्रिक बसों के बाद लंबे रूटों के लिए 200 डीजल बसें खरीदी जाएंगी तथा 1,000 नई इलेक्ट्रिक बसें खरीदने की भी योजना है।

उन्होंने कहा कि सरकार पेयजल, सिंचाई और सार्वजनिक परिवहन के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए प्राथमिकता से कार्य कर रही है। इस दौरान विधायक आर. एस. बाली सहित विभागीय अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
#हिमाचलप्रदेश #नगरोटाबगवां #HRTC #मुकेशअग्निहोत्री #इलेक्ट्रिकबस #पेयजल #सिंचाई #विकासकार्य

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *