अर्की। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश के सीबीएसई स्कूलों में अगले तीन माह के भीतर 2,000 और शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। वह शनिवार को सोलन जिले के अर्की में राज्य स्तरीय सायर मेले के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खोले गए 150 सीबीएसई स्कूलों में शिक्षकों का चयन योग्यता के आधार पर किया जा रहा है। प्रत्येक स्कूल में पांच से आठ शिक्षकों की नियुक्ति पहले ही की जा चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि निजी स्कूलों में सीबीएसई शिक्षा महंगी है, इसलिए सरकार सरकारी स्कूलों में भी कम खर्च में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने दिग्गल, भूमती और जय नगर के स्कूलों को सीबीएसई स्कूलों में परिवर्तित करने की घोषणा भी की।

स्वास्थ्य क्षेत्र का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मेडिकल कॉलेजों में पुराने उपकरणों के स्थान पर आधुनिक मशीनरी उपलब्ध करवाई गई है। हाल ही में 200 चिकित्सकों की भर्ती की गई है, जबकि जल्द ही 228 और चिकित्सकों की भर्ती होगी। अर्की में भी विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध करवाने की बात उन्होंने कही।

सुक्खू ने कहा कि सरकार ने भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाकर करीब 3,000 करोड़ रुपये की बचत की है। इन संसाधनों का उपयोग विधवाओं, बच्चों और अन्य जरूरतमंद वर्गों के कल्याण पर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के माध्यम से अर्जित संपत्तियों की जांच की जा रही है और अवैध संपत्ति पाए जाने पर उसे जब्त कर गरीबों के कल्याण में उपयोग किया जाएगा।

किशाऊ परियोजना का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व निर्धारित शर्तों को स्वीकार करने से प्रदेश पर 3,000 से 5,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ सकता था और 1,200 से 1,500 करोड़ रुपये की संभावित वार्षिक आय से राज्य वंचित हो सकता था। उन्होंने कहा कि राज्य हित में शर्तों पर समझौता सुनिश्चित किया गया।

मुख्यमंत्री ने कुनिहार-सारमा, मांगू-मलावण, जाबल-जय नगर, भूमती-डाडल-पिपलूघाट और कोहू-भियूंकरी वाया सौर सड़कों की मरम्मत के लिए धन उपलब्ध करवाने की घोषणा की। उन्होंने शिमला-धैना बस सेवा बहाल करने तथा अर्की में कौशल विकास केंद्र खोलने के प्रस्ताव पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया। विधायक संजय अवस्थी ने सायर मेले की 388 वर्ष पुरानी परंपरा का उल्लेख किया।

#अर्की #सायरमेला #मुख्यमंत्रीसुक्खू #CBSE #शिक्षा #स्वास्थ्य #हिमाचलप्रदेश #HimachalNews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *