ब्रेकडाउन बढ़ने से कई रूट हो रहे प्रभावित, कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर एमडी को सौंपा जाएगा संशोधित मांग पत्र।
शिमला, 17 नवंबर। हिमाचल परिवहन कर्मचारी संयुक्त समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को शिमला में समिति के अध्यक्ष समर चौहान की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की वर्तमान स्थिति, कर्मचारियों की लंबित मांगों, कार्यप्रणाली और निगम के संचालन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि समिति शीघ्र ही निगम के प्रबंध निदेशक से मुलाकात कर कर्मचारियों एवं निगम हित से जुड़ी मांगों को शामिल करते हुए संशोधित मांग पत्र सौंपेगी और उनके शीघ्र समाधान की मांग करेगी।
बैठक में समिति के उपाध्यक्ष हरीश पराशर, सचिव खेमेंद्र गुप्ता, प्रवक्ता एच.के. शर्मा, कोषाध्यक्ष राजेश ठाकुर सहित संजय बड़वाल, केशव वर्मा, हितेन्द्र कंवर, खेम चंद, जिया लाल ठाकुर, अनित कुमार, गोपाल लाल, देवी चंद शर्मा, मनोज शर्मा और कपिल शर्मा मौजूद रहे।
बैठक में निगम की वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कार्यशालाओं की लगातार हो रही अनदेखी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि कार्यशालाओं में स्पेयर पार्ट्स की भारी कमी है। इसके अलावा लुब्रिकेंट्स ऑयल और टायर उपलब्ध नहीं होने के कारण बसों के रखरखाव एवं संचालन में दिक्कतें आ रही हैं। कार्यशालाओं में कर्मचारियों के रिक्त पदों के चलते पहले से कार्यरत कर्मचारियों पर अतिरिक्त कार्यभार पड़ रहा है, जिससे उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
समिति ने कहा कि बसों के लगातार बढ़ते ब्रेकडाउन से अनेक रूट प्रभावित हो रहे हैं। इससे आम जनता को मिलने वाली परिवहन सुविधा बाधित हो रही है और निगम की छवि पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। यदि समय रहते इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो परिचालन व्यवस्था और अधिक प्रभावित हो सकती है।
बैठक में निदेशक मंडल की पूर्व बैठक के उस निर्णय पर भी चर्चा हुई, जिसके अनुसार कोई भी क्षेत्रीय प्रबंधक अपनी मर्जी से निगम के संचालित रूट को बंद अथवा फेल नहीं कर सकता। इसके लिए प्रबंध निदेशक से अनुमति लेना अनिवार्य है। समिति ने इस निर्णय को सभी क्षेत्रों में सख्ती से लागू करने की मांग की।
समिति ने निगम प्रबंधन से कार्यशालाओं में आवश्यक स्पेयर पार्ट्स, लुब्रिकेंट्स ऑयल और टायर उपलब्ध करवाने, रिक्त पद भरने तथा बसों के ब्रेकडाउन पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की। पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं और कार्यशालाओं की जरूरतों को नजरअंदाज करके निगम को मजबूत नहीं बनाया जा सकता। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रबंधन सभी मुद्दों पर सकारात्मक पहल कर लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान करेगा।
