शिमला, 8 अगस्त। चंबा जिले के पटवार वृत्त बैरागढ़ के चालुंज मोड़ के समीप शनिवार सुबह हुई बस दुर्घटना में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हुए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। सभी घायल फिलहाल उपचाराधीन हैं।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने इस दर्दनाक बस दुर्घटना में सात लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुख की इस घड़ी में प्रदेश सरकार प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है।

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने दुर्घटना में घायल लोगों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा प्रदान करने तथा उनके उपचार में किसी प्रकार की कमी न रहने देने को कहा।

मुख्यमंत्री ने सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने ईश्वर से शोकाकुल परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना भी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *