तीन दशक की लड़ाई में सभी सरकारों का रहा योगदान, जीत का श्रेय लेने की राजनीति दुर्भाग्यपूर्ण : जयराम ठाकुर।

शिमला, 6 नवंबर। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने बीबीएमबी में हिमाचल प्रदेश को उसका हक मिलने पर प्रदेशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने इस ऐतिहासिक जीत के लिए सुप्रीम कोर्ट और केंद्र सरकार का आभार जताते हुए कहा कि प्रदेश को यह सफलता तीन दशक की लंबी लड़ाई के बाद मिली है। इस संघर्ष में हिमाचल की सभी सरकारों ने मजबूती के साथ प्रदेश का पक्ष रखा है।

शिमला से जारी बयान में जयराम ठाकुर ने कहा कि वर्ष 2011 में सुप्रीम कोर्ट ने हिमाचल प्रदेश के पक्ष में फैसला दिया था, लेकिन संबंधित राज्य इस मामले में सहमति नहीं जता रहे थे। तत्कालीन सरकारें भी ऐसा कोई फार्मूला नहीं सुझा सकीं, जिससे विवाद का समाधान निकल सके। उन्होंने कहा कि 30 जुलाई 2026 को केंद्र सरकार ने कैशलेस सेटलमेंट का फार्मूला प्रस्तुत किया और संबंधित राज्यों के साथ सहमति बनाने के प्रयास किए। इसके बाद हिमाचल के हित में फैसला आया।

जयराम ठाकुर ने कहा कि कैशलेस सेटलमेंट का फार्मूला सुझाने से लेकर हर स्तर पर केंद्र सरकार ने हिमाचल के हितों का पूरा ध्यान रखा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लंबे समय से चले आ रहे अंतरराज्यीय जल विवादों का रणनीतिक कौशल और सूझबूझ से समाधान करना ऐतिहासिक है। बीबीएमबी में हिमाचल के हितों को लेकर चल रही लंबी लड़ाई का सुप्रीम कोर्ट के निर्णय से पटाक्षेप हो गया है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को बीबीएमबी में बकाया धनराशि देने के लिए संबंधित राज्य 30 साल का समय मांग रहे थे, जबकि केंद्र सरकार लगातार समाधान के प्रयास कर रही थी। इन्हीं प्रयासों के परिणामस्वरूप सुप्रीम कोर्ट ने हिमाचल की पूरी देनदारी चुकाने के लिए 20 साल की समयसीमा निर्धारित की है।

नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर इस जीत का श्रेय लेने की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि तीन दशक के दौरान कई सरकारें आईं और सभी ने हिमाचल का पक्ष मजबूती से रखा। आज मिली जीत सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। यह प्रदेश के लिए गौरव और प्रसन्नता का अवसर है, जिस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।
#HimachalNews #Shimla #JaiRamThakur #BBMB #HimachalPradesh #SupremeCourt #BJP #ShimlaLive

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *