तीनों श्रेणियों में अलग-अलग ट्रेड के लिए निर्धारित की गई सीटें, 12,500 से 15,000 रुपये प्रतिमाह मिलेगा स्टाइपेंड।
अप्रेंटिसशिप करने के इच्छुक युवाओं के लिए रोजगार पाने का अच्छा अवसर सामने आया है। SJVN की और से जारी अधिसूचना के अनुसार ग्रेजुएट, टेक्नीशियन (डिप्लोमा) और टेक्नीशियन (आईटीआई) अप्रेंटिस के कुल 100 पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों को विभिन्न इंजीनियरिंग शाखाओं और तकनीकी ट्रेडों में विभाजित किया गया है। चयनित अभ्यर्थियों को अप्रेंटिसशिप के दौरान प्रतिमाह 12,500 रुपये से लेकर 15,000 रुपये तक स्टाइपेंड दिया जाएगा।
अधिसूचना के अनुसार ग्रेजुएट अप्रेंटिस के कुल 40 पद निर्धारित किए गए हैं। इनमें सिविल इंजीनियरिंग के 15, इलेक्ट्रिकल के 10, मैकेनिकल के 10 और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) के पांच पद शामिल हैं। इन पदों के लिए संबंधित शाखा में चार वर्षीय पूर्णकालिक इंजीनियरिंग स्नातक डिग्री होना अनिवार्य है। डिग्री एआईसीटीई से मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से होनी चाहिए।
इसी तरह टेक्नीशियन (डिप्लोमा) अप्रेंटिस के 25 पदों पर भर्ती होगी। इनमें सिविल के 10, जबकि इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल और सूचना प्रौद्योगिकी के पांच-पांच पद शामिल हैं। इसके लिए संबंधित शाखा में तीन वर्षीय पूर्णकालिक पॉलिटेक्निक डिप्लोमा होना आवश्यक है। डिप्लोमा एआईसीटीई अथवा राज्य के तकनीकी शिक्षा बोर्ड से मान्यता प्राप्त संस्थान से होना चाहिए।
वहीं, टेक्नीशियन (आईटीआई) अप्रेंटिस के 35 पद निर्धारित किए गए हैं। इनमें इलेक्ट्रीशियन के 15, स्टेनोग्राफर एवं सेक्रेटेरियल असिस्टेंट के पांच, फिटर के पांच, वेल्डर के पांच तथा मैकेनिक (इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक/इंस्ट्रूमेंटल मैकेनिक) के पांच पद शामिल हैं। इन पदों के लिए दसवीं पास होने के साथ संबंधित ट्रेड में नियमित पूर्णकालिक आईटीआई कोर्स एनसीवीटी/एससीवीटी से मान्यता प्राप्त होना चाहिए।
आयु सीमा और स्टाइपेंड: आवेदक की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष निर्धारित की गई है। एससी/एसटी वर्ग को पांच वर्ष, ओबीसी (नॉन क्रीमी लेयर) को तीन वर्ष तथा दिव्यांग अभ्यर्थियों को 10 वर्ष की आयु में छूट मिलेगी। स्टाइपेंड के तहत डिग्री धारकों को 15,000 रुपये, डिप्लोमा धारकों को 13,500 रुपये और आईटीआई अभ्यर्थियों को 12,500 रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे।
