शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पिछले तीन वर्षों में 10 हजार से अधिक शिक्षकों की भर्ती की है और आगामी छह माह में चार हजार और शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के सत्ता में रहने तक प्रदेश में पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) जारी रहेगी। आउटसोर्स कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए भी जल्द नीति लागू की जाएगी। मुख्यमंत्री शनिवार को रामपुर विधानसभा क्षेत्र के नोगली में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए कार्य कर रही है। गुणात्मक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश में 150 से अधिक सीबीएसई स्कूल खोले गए हैं, जिनमें करीब दो हजार शिक्षकों की नियुक्ति की गई है। इसके अतिरिक्त हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड से संबद्ध 300 विद्यालयों को स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2021 में शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश 21वें स्थान पर था, जो अब पांचवें स्थान पर पहुंच गया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों और अटल मेडिकल सुपर स्पेशियलिटी संस्थान चमियाना में आधुनिक मशीनें स्थापित की जा रही हैं। 19 वर्ष पुरानी मशीनों को चरणबद्ध तरीके से बदला जा रहा है। चिकित्सकों की कमी दूर करने के लिए सरकार ने 500 चिकित्सकों की नियुक्ति की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षा और स्वास्थ्य सरकार की प्राथमिकताएं हैं और इनके लिए धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार से वर्तमान सरकार को 76 हजार करोड़ रुपये का कर्ज और कर्मचारियों से संबंधित करीब 10 हजार करोड़ रुपये की देनदारियां विरासत में मिली हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व सरकार ने कार्यकाल के अंतिम छह माह में पांच हजार करोड़ रुपये से अधिक की घोषणाएं कीं, लेकिन इनके लिए आवश्यक स्टाफ और आधारभूत ढांचा उपलब्ध नहीं करवाया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के संसाधनों का उपयोग जनकल्याण और विकास के लिए करना है।
सुक्खू ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए दूध के न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि की गई है और आगामी एक दिसंबर से इसमें फिर बढ़ोतरी की जाएगी। उन्होंने कहा कि किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजना में हिमाचल के हितों के अनुरूप समझौता लागू करवाने से बिजली उत्पादन के लिए तीन से पांच हजार करोड़ रुपये के संभावित खर्च की बचत हुई है। परियोजना के निर्माण के बाद प्रदेश को प्रतिवर्ष करीब 1,500 करोड़ रुपये की आय होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड भी हिमाचल की तर्ज पर समझौता चाहता था, लेकिन केंद्र सरकार ने ऐसा नहीं होने दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वाइल्ड फ्लावर हॉल मामले में प्रदेश सरकार को सफलता मिली है, जिससे राज्य के खजाने में 401 करोड़ रुपये आए हैं। वहीं, कड़छम वांगतू परियोजना से रॉयल्टी के रूप में प्रतिवर्ष करीब 150 करोड़ रुपये की आय सुनिश्चित की गई है।
उन्होंने घोषणा की कि राज्य सरकार इसी माह ‘अपना परिवार, सुखी परिवार’ योजना लागू करेगी। इसके तहत पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता और पात्र परिवारों को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने का प्रावधान होगा। उन्होंने महिला मंडलों को सामान खरीदने के लिए धनराशि उपलब्ध करवाने की घोषणा भी की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना के तहत 15 लाभार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान की। सुख आश्रय योजना के तहत तीन लाभार्थियों को घर निर्माण के लिए तीन-तीन लाख रुपये और एक लाभार्थी को एक लाख रुपये की किस्त दी गई। एक अन्य लाभार्थी को 16 हजार रुपये की सहायता प्रदान की गई।
कार्यक्रम में सातवें राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष नंदलाल, हिमकोन अध्यक्ष विकेश चौहान, पूर्व विधायक किशोरी लाल, मिल्कफेड अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर, कामगार कल्याण बोर्ड अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर, राज्य सहकारी बैंक अध्यक्ष देवेंद्र श्याम, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
#ShimlaLive #HimachalNews #SukhvinderSinghSukhu #Rampur #Education #HimachalPradesh




