हमीरपुर। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर बार-बार असंवैधानिक नीतियां, कानून और फैसले लेने का आरोप लगाया है। उन्होंने मेडिकल अधिकारियों की भर्ती में डॉक्टरों को जॉब ट्रेनी बनाने के फैसले को असंवैधानिक बताते हुए उच्च न्यायालय द्वारा इसे रद्द किए जाने का स्वागत किया। उन्होंने सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री के पास सलाहकारों की पूरी फौज होने के बावजूद सरकार को बार-बार न्यायालय में फजीहत का सामना क्यों करना पड़ रहा है।

हमीरपुर दौरे के दौरान शनिवार को टिप्पर में आयोजित अल्पकालीन विस्तारक प्रशिक्षण वर्ग में शामिल होने के बाद जारी बयान में जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं को कानून का जानकार बताते हैं, लेकिन उनकी सरकार के नियम, नीतियां और फैसले बार-बार न्यायिक समीक्षा में असंवैधानिक साबित हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर सरकार संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा को ठेस पहुंचा रही है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा ने पहले ही जॉब ट्रेनी नीति का विरोध करते हुए इसे युवाओं के भविष्य के लिए नुकसानदायक बताया था। पहले से चल रही भर्ती प्रक्रिया के तहत चयनित डॉक्टरों को भी जॉब ट्रेनी बनाने पर भाजपा ने सरकार से पुनर्विचार करने का आग्रह किया था, लेकिन सरकार ने इन आपत्तियों को नजरअंदाज किया। उन्होंने आरोप लगाया कि संख्याबल के आधार पर सरकार ने विधानसभा में भी ऐसे कानून पारित किए, जिनकी वैधानिकता पर भाजपा ने सवाल उठाए थे।
नेता प्रतिपक्ष ने प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में बुनियादी सुविधाओं की कमी है। कई अस्पतालों में एमआरआई समेत आधुनिक मशीनें उपलब्ध हैं, लेकिन उन्हें संचालित करने के लिए तकनीकी स्टाफ नहीं है। कहीं तकनीशियन हैं तो मशीनें उपलब्ध नहीं हैं और जहां दोनों मौजूद हैं, वहां जांच के लिए जरूरी केमिकल और अन्य सामग्री की कमी है।

उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में पिछले दस महीनों से ओपन हार्ट सर्जरी बंद है। जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य व्यवस्था की अनदेखी से मरीजों को परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने सरकार से स्वास्थ्य संस्थानों में डॉक्टरों, तकनीशियनों और जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की।

#ShimlaLive #HimachalNews #JairamThakur #HimachalPolitics

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *