शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बहुउद्देशीय परियोजनाएं एवं ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए 66 मेगावाट क्षमता की धौलासिद्ध जल विद्युत परियोजना को प्रदेश सरकार के अधीन लेने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभाग को इस संबंध में न्यायालय में शपथ पत्र दायर करने को कहा। राज्य सरकार प्रदेश हित में परियोजना की लागत की पहली किस्त का भुगतान करने के लिए तैयार है।

मुख्यमंत्री ने सतलुज जल विद्युत निगम लिमिटेड (एसजेवीएनएल) से लुहरी और सुन्नी जल विद्युत परियोजनाओं को प्रदेश सरकार के अधीन लेने के प्रयासों में भी तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हितों को ध्यान में रखते हुए इन परियोजनाओं से संबंधित मामलों में आवश्यक कदम उठाए जाएं।

बैठक में पूह से समदो तथा समदो से काजा तक निर्मित की जा रही 66 केवी ट्रांसमिशन लाइन के निर्माण कार्य में भी तेजी लाने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को परियोजना के कार्य में अनावश्यक देरी न करने को कहा।

उन्होंने रंगरिक की 2 मेगावाट क्षमता की सौर ऊर्जा परियोजना को 1 मेगावाट-घंटा (एमडब्ल्यूएच) बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली के साथ बर्फबारी शुरू होने से पहले कार्यशील करने के निर्देश भी दिए। बैठक में ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

#cmsukhu #powerdepartment #HimachalPradesh #EnergyDepartment #Hydropower #DhaulSidh #SJVNL
#cmsukhu #powerdepartment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *