कांगड़ा में स्वदेशी व्यापारी मंच की संगोष्ठी में बोले नेता प्रतिपक्ष, स्थानीय उद्योगों और उत्पादों को बढ़ावा देने का किया आह्वान
कांगड़ा, 19 अक्टूबर। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि स्वदेशी उत्पादों को अपनाकर ही आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सकता है। स्वदेशी केवल वस्तुओं की खरीद तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश की आर्थिक स्वतंत्रता, राष्ट्रीय स्वाभिमान और रोजगार सृजन का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने व्यापारियों, उद्यमियों और आम नागरिकों से स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने तथा देश में निर्मित वस्तुओं के उपयोग को बढ़ावा देने का आह्वान किया।

जयराम ठाकुर सोमवार को कांगड़ा में स्वदेशी जागरण मंच की ओर से आयोजित स्वदेशी व्यापारी मंच की संगोष्ठी में भाग ले रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता से विकसित भारत के लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने लाल किले की प्राचीर से स्वावलंबी भारत के निर्माण का आह्वान किया है। आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत एक-दूसरे के पूरक हैं तथा इन लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए देश के नागरिकों, व्यापारियों और उद्यमियों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार की स्टार्टअप इंडिया, मेक इन इंडिया और वोकल फॉर लोकल जैसी पहलों ने देश में उद्यमिता, नवाचार और स्वदेशी उत्पादन को नई गति प्रदान की है। इन पहलों के माध्यम से देश में उद्योगों और कारोबार को प्रोत्साहन मिला है तथा भारत वैश्विक उत्पादन केंद्र के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है।

उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बाजार में प्रोत्साहन मिलने से छोटे व्यापारियों, कारीगरों और उद्यमियों को आगे बढ़ने के अवसर मिलते हैं। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि स्वदेशी को जनआंदोलन बनाने की जरूरत है। जब नागरिक स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देंगे और व्यापारी स्थानीय उद्योगों को प्रोत्साहित करेंगे, तभी देश आर्थिक रूप से अधिक सशक्त बन सकेगा। उन्होंने आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया।

#JaiRamThakur #Swadeshi #AtmanirbharBharat #ViksitBharat #Kangra #HimachalNews #ShimlaLive

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *