नादौन। उपमंडल नादौन में कुनाह खड्ड पर सनाही के हारमसंदा और जोलसप्पड़ के सोहरी के बीच 26 करोड़ रुपये की लागत से 215 मीटर लंबे स्पैन वाले पुल का निर्माण किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के निर्देश पर प्रदेश सरकार ने पुल निर्माण के लिए 15 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी कर दी है। लोक निर्माण विभाग ने पुल का निर्माण एक वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। पुल बनने से क्षेत्र की करीब 5000 आबादी को सीधा लाभ मिलेगा।

यह पुल सनाही और आसपास की पंचायतों के लोगों के लिए बड़ी सौगात साबित होगा। पुल के निर्माण से ऊना और हमीरपुर की ओर आने-जाने वाले लोगों को काफी सुविधा मिलेगी।

सनाही से हारमसंदा होते हुए लोग सीधे जोलसप्पड़ पहुंच सकेंगे और उन्हें कांगू व रंगस होकर लंबा रास्ता तय नहीं करना पड़ेगा। जोलसप्पड़ स्थित मेडिकल कॉलेज में उपचार के लिए आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को भी इससे बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। इससे लोगों के समय और पैसे दोनों की बचत होगी।

स्थानीय लोगों की मांग पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों की टीम को मौके पर भेजकर पुल की व्यवहार्यता का सर्वे करवाया था। लोक निर्माण विभाग नादौन मंडल के अधिकारियों के साथ किए गए सर्वे के बाद फिजिबिलिटी रिपोर्ट सरकार को सौंपी गई। इसके बाद एचपी-रेडी परियोजना के तहत पुल निर्माण के लिए 26 करोड़ रुपये मंजूर किए गए, जिसमें से 15 करोड़ रुपये जारी हो चुके हैं।

लोक निर्माण विभाग नादौन मंडल के अधिशासी अभियंता राजिंदर जुबलानी ने बताया कि पुल निर्माण से संबंधित औपचारिकताएं जल्द पूरी कर ली जाएंगी। विभागीय अधिकारी चिन्हित स्थल का दौरा कर चुके हैं।

क्षेत्रवासियों ने जताया आभार
पुल की मंजूरी और पहली किस्त जारी होने पर क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। सनाही और जोलसप्पड़ क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों व स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पुल बनने से दोनों क्षेत्रों के बीच सीधा संपर्क स्थापित होगा और लोगों को कई किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करने से राहत मिलेगी। निर्माण कार्य शुरू होने पर मुख्यमंत्री का नागरिक अभिनंदन करने की बात भी क्षेत्रवासियों ने कही।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *