शिमला, 10 अगस्त। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं लोकसभा सांसद सुरेश कुमार कश्यप ने लोकसभा में हिमाचल प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों, MBBS एवं स्नातकोत्तर सीटों, डॉक्टरों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता का मुद्दा उठाया। उनके अतारांकित प्रश्न संख्या 3439 के जवाब में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित विस्तृत जानकारी दी।
केंद्रीय मंत्री के अनुसार हिमाचल प्रदेश में वर्तमान में 7 सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 846 MBBS सीटें और एक निजी मेडिकल कॉलेज में 150 सीटें उपलब्ध हैं। इस तरह प्रदेश में कुल 996 MBBS सीटें हैं। वहीं 6 सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 307 PG सीटें और एक निजी कॉलेज में 93 PG सीटों सहित कुल 400 स्नातकोत्तर सीटें उपलब्ध हैं।

केंद्र सरकार ने मौजूदा जिला एवं रेफरल अस्पतालों से संबद्ध नए मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की योजना के तहत चंबा, हमीरपुर और नाहन में तीन मेडिकल कॉलेजों को मंजूरी दी है और तीनों वर्तमान में कार्यशील हैं। इसके अलावा छह मेडिकल कॉलेजों में 120 अतिरिक्त MBBS सीटें बढ़ाने के लिए ₹144 करोड़ तथा एक मेडिकल कॉलेज में 17 अतिरिक्त PG सीटों के लिए ₹14.50 करोड़ की वित्तीय सहायता स्वीकृत की गई है।

कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हिमाचल को बिलासपुर एम्स की महत्वपूर्ण सौगात मिली है। वहीं टांडा और शिमला के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक के प्रोजेक्ट भी स्वीकृत किए गए हैं।

केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्वास्थ्य राज्य का विषय है, लेकिन केंद्र सरकार राज्यों को तकनीकी एवं वित्तीय सहायता प्रदान करती है। कश्यप ने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों वाले हिमाचल में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार का सहयोग जारी रहेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *