शिमला, 12 अगस्त: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय इकाई ने बुधवार को विश्वविद्यालय परिसर में पुस्तकालय के बाहर फीस वृद्धि, झारखंड में आंदोलनरत छात्रों पर लाठीचार्ज और छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर शव प्रदर्शन किया।

इकाई अध्यक्ष अक्षय ठाकुर ने कहा कि अभाविप पिछले 10 दिनों से फीस वृद्धि के विरोध में क्रमिक भूख हड़ताल कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने विभिन्न पाठ्यक्रमों में 25 से 147 प्रतिशत तक तथा प्रशासनिक कार्यों में 100 से 150 प्रतिशत तक फीस बढ़ाई है। उन्होंने फीस वृद्धि को वापस लेने और छात्रों पर आर्थिक बोझ कम करने की मांग की।

अभाविप ने छात्रावास, बस किराए और अन्य शुल्कों में बढ़ोतरी का भी विरोध किया। साथ ही झारखंड में पेपर लीक के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज की निंदा की।

संगठन ने छात्र संघ चुनाव जल्द बहाल करने की मांग की। अभाविप के अनुसार, नौवें दिन रितेश भागटा और रिया ने क्रमिक भूख हड़ताल समाप्त की, जबकि दसवें दिन दिव्यांशु कश्यप और रवीना ने इसे आगे जारी रखा।

अभाविप ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा और आवश्यकता पड़ने पर इसे व्यापक रूप दिया जाएगा।
#ABVP #HimachalPradeshUniversity #HPU #FeesHike #StudentUnionElections #Shimla #StudentProtest

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *