कैलाश डिस्ट्रिक्ट फेडरेशन बोर्ड की पहली बैठक में अहम फैसले।

शिमला। कैलाश डिस्ट्रिक्ट फेडरेशन के नवगठित संचालन मंडल की पहली बैठक बुधवार को फेडरेशन के चेयरमैन बलदेव ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में फेडरेशन की आगामी कार्ययोजना, व्यवसाय विस्तार, रोजगार सृजन और उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में निदेशक मंडल के सदस्य कर्म चंद, जयलाल डांटा, प्रेम सिंह, नरेश शर्मा, प्रेम डोगरा, त्रिलोक भलूनी और ललित कुमार शर्मा उपस्थित रहे।

बैठक में शिमला जिला के विभिन्न क्षेत्रों में नए पेट्रोल पंप खोलने की संभावनाओं का सर्वे करवाने का निर्णय लिया गया। इसके लिए कमेटी गठित की गई है, जो शिमला ग्रामीण, ठियोग, रामपुर, रोहड़ू सहित अन्य क्षेत्रों का दौरा कर संभावित स्थानों की पहचान करेगी। कमेटी को करीब एक सप्ताह में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के साथ आगामी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

इसी तरह फेडरेशन की ओर से इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन से गैस एजेंसी लेने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। इसके लिए ऐसे क्षेत्रों का सर्वे किया जाएगा, जहां गैस की मांग और उपभोक्ताओं की संख्या पर्याप्त हो। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर नई गैस एजेंसियां खोलने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।

बैठक में घाटे में चल रही राशन की दुकानों की समीक्षा कर उन्हें बंद करने का निर्णय भी लिया गया। वहीं, जिन क्षेत्रों में 400-500 या इससे अधिक उपभोक्ताओं की मांग होगी, वहां नई राशन दुकानें खोलने पर विचार किया जाएगा। फेडरेशन का लक्ष्य दुकानों को कम से कम नो-प्रॉफिट-नो-लॉस के आधार पर संचालित करना है, ताकि कर्मचारियों का वेतन, बिजली और अन्य खर्च पूरे किए जा सकें। नई दुकानों के माध्यम से स्थानीय लोगों को रोजगार देने पर भी जोर रहेगा।

फेडरेशन में लंबे समय से खाली पदों को भरने की प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जाएगी। विशेष रूप से लेखाधिकारी/अकाउंट्स अधिकारी के पद को सरकार की अनुमति के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत भरने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा क्लर्क, ड्राइवर, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों सहित अन्य रिक्त पदों को भरने के लिए सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा।

चेयरमैन बलदेव ठाकुर ने कहा कि फेडरेशन का उद्देश्य व्यवसाय विस्तार के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करना है। किसानों, बागवानों और आम उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं देने के लिए सीएस स्टोर सहित नई गतिविधियों की संभावनाओं पर भी विचार किया गया। उन्होंने कहा कि नवगठित बोर्ड फेडरेशन को मजबूत बनाने और नए आय स्रोत विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *